Site icon Dainik Savera Times

LSG और SRH के इन खिलाड़ियों को लगा झटका, इस गलती की मिली सजा… लगाया भारी जुर्माना

Indian Premier League 2025 : इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2025 में लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) के स्पिनर दिग्वेश राठी और सनराइजर्स हैदराबाद के बल्लेबाज अभिषेक शर्मा के बीच भिड़ंत हो गई। सोमवार को लखनऊ और हैदराबाद के बीच मुकाबला खेला गया, जहां दोनों खिलाड़ी आपस में उलझ गए। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। दोनों खिलाड़ियों के इस व्यवहार को देखते हुए जुर्माना लगाया गया है।

दिग्वेश सिंह पर मैच फीस का 50 प्रतिशत का लगा जुर्माना

लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) के गेंदबाज दिग्वेश सिंह पर सोमवार को लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी एकाना क्रिकेट स्टेडियम में सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) के खिलाफ मैच के दौरान आईपीएल आचार संहिता का उल्लंघन करने के लिए मैच फीस का 50 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है। इसके साथ ही खिलाड़ी पर एक मैच का प्रतिबंध भी लगाया गया है।

आईपीएल की ओर से जारी बयान में कहा गया है, ‘चूंकि इस सत्र में उनके खाते में पांच डिमेरिट अंक हैं – जिसके कारण उन्हें एक मैच के लिए निलंबित किया गया है – दिग्वेश अब एलएसजी के अगले मैच में नहीं खेलेंगे जो 22 मई को अहमदाबाद में गुजरात टाइटन्स के खिलाफ होना है।’

उधर, आईपीएल के एक बयान में आगे कहा गया, ‘सनराइजर्स हैदराबाद के ऑलराउंडर अभिषेक शर्मा पर लखनऊ सुपरजाइंट्स के खिलाफ मैच के दौरान आईपीएल आचार संहिता का उल्लंघन करने के लिए मैच फीस का 25 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है। खिलाड़ी को एक डिमेरिट अंक भी मिला है।

इस वजह से दोनों खिलाड़ियों में हुई बहस

यह घटना मैच के 8वें ओवर के दौरान घटी जब दिग्वेश ने अभिषेक को डीप में कैच किया और अपने अंदाज में विकेट का जश्न मनाया। लेकिन इसके कुछ ही देर बाद दोनों खिलाड़ियों के बीच गरमागरम बहस शुरू हो गई। बहस इतनी बढ़ गई कि मैदानी अंपायरों को हस्तक्षेप करना पड़ा। मामले को गंभीर होते देख लखनऊ के कप्तान ऋषभ पंत ने तुरंत हस्तक्षेप किया।

रिप्ले से पता चला कि आउट होने के बाद दिग्वेश ने अभिषेक की ओर इशारा किया, जिसके कारण बहस हुई होगी। बता दें कि आईपीएल 2025 में प्लेऑफ में पहुंचने के लिए लखनऊ को हैदराबाद के खिलाफ हर हाल में जीत की जरूरत थी। इस अहम मुकाबले में बड़ा स्कोर खड़ा करने के बावजूद लखनऊ मैच नहीं जीत सकी। इस हार के साथ लखनऊ का प्लेऑफ का सफर समाप्त हो गया।

Exit mobile version