Dainik Savera Times

‘राम जी के दर्शन से वोट चले जाएंगे, इसलिए अयोध्या नहीं जाते’, पीएम मोदी का कांग्रेस-RJD पर हमला

नेशनल डेस्क: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को बिहार के औरंगाबाद में एक बड़ी रैली की और इस दौरान उन्होंने विपक्षी महागठबंधन (कांग्रेस और आरजेडी) पर जमकर निशाना साधा। पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस और आरजेडी के नेता दुनिया भर में घूमते हैं, लेकिन अयोध्या नहीं जाते, क्योंकि उन्हें लगता है कि अगर वे भगवान श्रीराम के दर्शन कर लेंगे तो उनके वोट कम हो जाएंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि इन लोगों को राम जी में आस्था नहीं है और वे उनके बारे में गलत बातें बोलते हैं।

यह भी पढ़ें:  ‘RSS और BJP ने कभी अपने दफ्तरों में वंदे मातरम नहीं गाया’, मल्लिकार्जुन खड़गे का आरोप

वोट से कांग्रेस-RJD को जवाब दे जनता 

पीएम मोदी ने आगे कहा कि कांग्रेस के नेता छठ पूजा को “नौटंकी” कहते हैं, जो बिहार और पूर्वी भारत में बहुत आस्था से मनाई जाती है। उन्होंने कहा कि यह छठी मैया का अपमान है, और लोगों से अपील की कि वे 11 नवंबर को अपने वोट से कांग्रेस-आरजेडी को जवाब दें।

 

कांग्रेस को भी राजद के वादों पर भरोसा नहीं

प्रधानमंत्री ने रैली में कहा कि कांग्रेस और आरजेडी के बीच मनमुटाव है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को भी राजद के वादों पर भरोसा नहीं है, और राजद ने चुनाव की तैयारियों के समय मुख्यमंत्री पद कांग्रेस से छीन लिया था। मोदी ने कहा कि बिहार के लोग एनडीए (भाजपा-नीतीश गठबंधन) पर भरोसा करते हैं क्योंकि इस गठबंधन ने राज्य को जंगलराज से बाहर निकाला। उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार ने बिहार में सुशासन और विकास की दिशा में काम किया है, और यही कारण है कि जनता फिर से एनडीए को मौका देगी।

यह भी पढ़ें:  ‘कमल या तीर से भटके तो लौट आएगा जंगलराज’, अमित शाह का महागठबंधन पर हमला

5 साल में 1 करोड़ नौकरियां देंगे: एनडीए 

उन्होंने बताया कि एनडीए के संकल्प पत्र में युवाओं को 5 साल में 1 करोड़ नौकरियां देने, महिला सशक्तिकरण, कौशल विकास केंद्र खोलने और लखपति दीदी योजना जैसी पहलें शामिल हैं। वहीं, विपक्षी आरजेडी का “तेजस्वी का प्रण पत्र” भी चर्चा में है, जिसमें उन्होंने हर घर में सरकारी नौकरी, महिलाओं, किसानों और सफाई कर्मचारियों के लिए आर्थिक मदद जैसे वादे किए हैं।

औरंगाबाद जिला, जहां पीएम मोदी ने रैली की, बिहार के 20 जिलों में से एक है जहां 11 नवंबर को विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में मतदान होगा। यहां गोह, ओबरा, नबीनगर, कुटुम्बा (सु), औरंगाबाद और रफीगंज विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं। पहले चरण में 6 नवंबर को 18 जिलों की 121 सीटों पर 64.5% मतदान हुआ। दूसरा चरण 11 नवंबर को पूरा होगा और मतगणना 14 नवंबर को होगी। दूसरे चरण में 20 जिलों की 122 सीटों पर वोट डाले जाएंगे, जिनमें औरंगाबाद, गया, जहानाबाद, नवादा, जमुई, भागलपुर, पूर्णिया जैसे जिले शामिल हैं।

Exit mobile version