नई दिल्ली :नया साल 2025 दिल्लीवासियों के लिए खुशियों और उम्मीदों का साल बनकर आया है। पीएम मोदी ने कुछ दिन पहले ही दिल्ली में एक विशेष अवसर पर स्वाभिमान अपार्टमेंट्स की चाबियाँ लाभार्थियों को सौंपी। यह परियोजना दिल्ली के गरीब और कमजोर वर्ग के लिए महत्वपूर्ण है, जो अब बेहतर जीवन स्तर के साथ अपने नए घर में रह सकेंगे। इस कदम के साथ, पीएम मोदी ने दिल्ली के नागरिकों को उनके स्वाभिमान और सम्मान के साथ रहने की सुविधा दी। वहीं आज रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 12,200 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं की शुरुआत की। इस अवसर पर, पीएम मोदी ने दिल्ली, गाजियाबाद, और मेरठ के बीच चलने वाली नमो भारत ट्रेन सेवा का भी उद्घाटन किया। यह परियोजना यात्रियों के लिए दिल्ली और मेरठ के बीच यात्रा को बहुत आसान और तेज़ बनाएगी।

नमो भारत ट्रेन की शुरुआत
आपको बता दें कि पीएम मोदी ने साहिबाबाद RRTS स्टेशन से न्यू अशोक नगर RRTS स्टेशन के बीच नमो भारत ट्रेन में यात्रा की। उन्होंने इस ट्रेनों के परिचालन की शुरुआत की, जो अब दिल्ली और मेरठ के बीच एक नई कनेक्टिविटी प्रदान करेंगी। इस ट्रेनों में रविवार से यात्री यात्रा शुरू हो जाएगी, और हर 15 मिनट में ट्रेनें उपलब्ध होंगी।
VIDEO | PM Narendra Modi (@narendramodi) takes a ride on Namo Bharat Train from Sahibabad station.
(Source: Third party)
(Full video available on PTI Videos- https://t.co/n147TvrpG7) pic.twitter.com/vWaImELi1f
— Press Trust of India (@PTI_News) January 5, 2025
13 किलोमीटर लंबा नमो भारत कॉरिडोर
इस दौरान, पीएम मोदी ने दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर के 13 किलोमीटर लंबे हिस्से का उद्घाटन किया, जो लगभग 4,600 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हुआ है। इस कॉरिडोर का एक प्रमुख हिस्सा भूमिगत है और इसमें आनंद विहार स्टेशन भी शामिल है। यह दिल्ली को पहली बार नमो भारत कनेक्टिविटी से जोड़ने वाला कॉरिडोर है। नए कॉरिडोर के बनने से दिल्ली और मेरठ के बीच यात्रा बहुत आसान और आरामदायक हो जाएगी। नई ट्रेन सेवा के जरिए लोग कम समय में अपनी मंजिल तक पहुंच सकेंगे।

किराया और ट्रेन संचालन
न्यू अशोक नगर से मेरठ साउथ तक के यात्रा का किराया तय किया गया है। स्टैंडर्ड कोच के लिए 150 रुपये और प्रीमियम कोच के लिए 225 रुपये होगा। इस सेवा में कुल 13 किलोमीटर लंबा हिस्सा शामिल है, जिसमें से छह किलोमीटर का हिस्सा भूमिगत है। यह पहली बार होगा जब नमो भारत ट्रेनें भूमिगत खंड पर चलेंगी।
प्रधानमंत्री मोदी द्वारा शुरू की गई यह परियोजना दिल्ली और मेरठ के बीच यात्रा को बेहतर और सरल बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है। यह न केवल यातायात की सुविधा बढ़ाएगा, बल्कि क्षेत्रीय विकास को भी प्रोत्साहित करेगा।