Site icon Dainik Savera Times

‘असम की प्रगति से मजबूत हो रही भारत की ग्रोथ स्टोरी’, पीएम मोदी ने रखी काजीरंगा कॉरिडोर की नींव

PM Modi laid the foundation of Kaziranga Corridor

PM Modi laid the foundation of Kaziranga Corridor

कालियाबोर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को असम में काजीरंगा एलिवेटेड कॉरिडोर प्रोजेक्ट का भूमि पूजन किया। 86 किलोमीटर लंबा काजीरंगा एलिवेटेड कॉरिडोर प्रोजेक्ट पर्यावरण के प्रति जागरूक नेशनल हाईवे प्रोजेक्ट है। इसमें 35 किलोमीटर का एलिवेटेड वाइल्डलाइफ कॉरिडोर होगा, जो काजीरंगा नेशनल पार्क से होकर गुजरेगा। उन्होंने दो नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को भी हरी झंडी दिखाई।

ये भी पढ़ें: Pakistan: शॉपिंग मॉल में लगी भीषण आग, 3 लोगों की गई जान

असम की अर्थव्यवस्था गति पकड़ रही- प्रधानमंत्री मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि असम का आत्मविश्वास, असम का सामर्थ्य और असम की प्रगति से भारत की ग्रोथ स्टोरी को नई शक्ति मिल रही है। आज असम तेजी से आगे बढ़ने वाले राज्यों में अपनी पहचान बना रहा है। असम की अर्थव्यवस्था गति पकड़ रही है। इस विकास और बदलाव में बोडोलैंड व यहां के लोग अहम भूमिका निभा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि काजीरंगा सिर्फ एक नेशनल पार्क नहीं है, यह असम की आत्मा है। यह भारत की जैव विविधता का एक अनमोल रत्न है। यूनेस्को ने इसे विश्व धरोहर स्थल का दर्जा दिया है। पीएम मोदी ने कहा कि जब प्रकृति सुरक्षित होती है, तो उसके साथ अवसर भी पैदा होते हैं। पिछले कुछ वर्षों में काजीरंगा में पर्यटकों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हुई है। होमस्टे, गाइड सेवाएं, परिवहन, हस्तशिल्प और छोटे व्यवसायों के माध्यम से स्थानीय युवाओं को आय के नए साधन मिले हैं।

 

पीएम मोदी ने रात्रि विश्राम के अनुभव शेयर किए

इसी बीच, पीएम मोदी ने अपने दो साल पहले काजीरंगा नेशनल पार्क में रात्रि विश्राम के अनुभव को शेयर किया। उन्होंने कहा, “फिर काजीरंगा आने का सौभाग्य मिला है। ऐसे में मुझे अपनी पिछली यात्रा याद आना बहुत स्वाभाविक है। दो साल पहले काजीरंगा में बिताए गए पल मेरे जीवन के बहुत खास अनुभवों में शामिल हैं।”

ये भी पढ़ें: संकट के बीच ईरान से वापस लौटे कश्मीरी छात्र, परिवार वालों ने जाहिर की खुशी

उन्होंने आगे कहा, “मुझे काजीरंगा नेशनल पार्क में रात्रि विश्राम का अवसर मिला था और अगले दिन एलिफेंट सफारी के दौरान मैंने इस क्षेत्र की सुंदरता को बहुत करीब से महसूस किया था। मुझे हमेशा असम आकर एक अलग ही खुशी मिलती है।” कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी ने कहा कि पिछले एक दशक में देश में जंगलों और पेड़ों का कवरेज बढ़ा है। लोगों ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया है। इस अभियान के तहत अब तक 260 करोड़ से अधिक पौधे लगाए जा चुके हैं।

Exit mobile version