नेशनल डेस्क: बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को भागलपुर में एक बड़ी जनसभा को संबोधित किया। अपने भाषण में उन्होंने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और कांग्रेस पर तीखे हमले किए। प्रधानमंत्री ने कहा कि राजद के नेताओं को “जंगल राज पाठशाला” में प्रशिक्षित किया गया है, जहां वे “ए से अपहरण, एफ से फिरौती और आर से रंगदारी” जैसे सबक सीखते हैं।
यह भी पढ़ें: ‘सर, आप बहुत ग्लो करते हो’, हरलीन के सवाल पर ठहाकों से गूंज उठा कमरा; पीएम मोदी ने पकड़ लिया सिर
“राजद का ककहरा है, कट्टा, कटुता, कुशासन और भ्रष्टाचार”
पीएम मोदी ने कहा, “राजद के लोग ‘जंगल राज पाठशाला’ से पढ़े हैं, जो ‘ए से अपहरण’ और ‘आ से अत्याचार’ सिखाती है। उनके स्कूल में ‘एफ से फिरौती’ और ‘आर से रंगदारी’ पढ़ाई जाती है। पी से परिवारवाद, जी से घोटाला और बी से भ्रष्टाचार। यही उनका असली ककहरा है।” उन्होंने कहा कि राजद का शासन काल अपराध, कुशासन और भ्रष्टाचार का प्रतीक रहा है, जबकि एनडीए ने बिहार को विकास की राह पर आगे बढ़ाया है।
“सबसे भ्रष्ट परिवार” पर निशाना
प्रधानमंत्री ने लालू यादव और राहुल गांधी के परिवारों को “देश के सबसे भ्रष्ट परिवार” करार दिया। उन्होंने कहा कि अगर ये दोनों परिवार सत्ता में होते, तो महिला रोजगार योजना का पैसा जनता के खातों में नहीं, बल्कि इनके “खजानों” में चला जाता।पीएम मोदी ने कहा, “कल्पना कीजिए, अगर बिहार का सबसे भ्रष्ट परिवार और देश का सबसे भ्रष्ट परिवार, जो दोनों ज़मानत पर हैं, सत्ता में आते, तो बहनों को मिलने वाली राशि इन नेताओं के बैंक खातों में जाती।”
“राजद ने कांग्रेस के सिर पर बंदूक रखी”
महागठबंधन में अंदरूनी खींचतान का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि राजद ने कांग्रेस के सिर पर बंदूक रखकर उनसे मुख्यमंत्री पद की उम्मीदवारी छीन ली। उन्होंने कहा, “कांग्रेस के नेता खुद कहते थे कि उनकी पार्टी बड़ी है और राजद छोटा साथी है। लेकिन राजद ने उनके अहंकार को तोड़ दिया है। अब कांग्रेस के लोग राजद से बदला लेने की तैयारी में हैं।”
यह भी पढ़ें: ‘जंगलराज का मतलब है कट्टा, कटुता और कुशासन’, पीएम मोदी का राजद पर प्रहार
राहुल गांधी पर तंज
प्रधानमंत्री ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को “नामदार” बताते हुए कहा कि वे बिहार आना ही नहीं चाहते थे। उन्होंने कहा, “कांग्रेस के नामदार को बिहार जबरन लाया गया। अब वही राजद को नुकसान पहुँचा रहे हैं। जो अपने साथियों के साथ विश्वासघात कर सकते हैं, वे बिहार का भला नहीं कर सकते।”
भागलपुर और विकास योजनाओं पर फोकस
अपने भाषण के अंत में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि एनडीए सरकार बिहार के पर्यटन और परिवहन क्षेत्र को नई ऊँचाइयों तक ले जाने के लिए काम कर रही है। मोदी ने कहा, “भागलपुर गंगा के किनारे बसे ऐतिहासिक और धार्मिक स्थलों का केंद्र है। गंगा जलमार्ग से यहाँ के युवाओं और नाविकों को रोजगार के अवसर मिलेंगे। एनडीए बिहार की आस्था और विरासत को विश्वभर में पहचान दिला रही है।” उन्होंने कांग्रेस और राजद पर आरोप लगाया कि वे “हमारी आस्था का अपमान” करते हैं।

