कोलकाताः प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को अपने पश्चिम बंगाल दौरे के दौरान आईआईटी खड़गपुर के प्लेटिनम जुबली समारोह में हिस्सा लिया। उन्होंने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्र भी अपनी क्षमताओं को तभी पहचानते हैं, जब वे अपनी सोच की सीमाओं को तोड़ते हैं।
There are no limits to what young minds can achieve. Speaking at the Platinum Jubilee celebrations of IIT Kharagpur. @IITKgp https://t.co/VkB3UO2Rkn
— Narendra Modi (@narendramodi) November 21, 2026
प्रधानमंत्री ने कहा कि आईआईटी खड़गपुर ने अपनी स्थापना के 75 सालों में बहुत से मील के पत्थर स्थापित किए हैं। इन 75 सालों में भारत ने बैलगाड़ियों से लेकर बुलेट ट्रेन तक और डाकपत्रों से सोशल मीडिया मैसेज तक बहुत कुछ बदलते हुए देखा है। इन बदलावों के हर दौर में देश के पहले आईआईटी के तौर पर आईआईटी खड़गपुर ने अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि बंगाल की धरती वो धरती है, जहां से विचारों को बल मिला है और नेशनल मूवमेंट बने।
आईआईटी खड़गपुर उसी जगह बना है, जहां कभी स्वतंत्रता सेनानियों के लिए डिटेंशन कैंप हुआ करता था। कल्पना कीजिए कि जो स्वतंत्रता सेनानी यहां रहे होंगे, दिनभर क्या बातें करते होंगे और सोचते हैं। उस समय की उनकी जिंदगी और गतिविधि, आज भी यहां मंत्र की तरह गूंजती होगी, जो आप लोगों को प्रेरणा देती है।
पीएम मोदी ने कहा कि दशकों पहले इन्हीं कैंपों ने उन भारतीयों का अदम्य उत्साह और साहस देखा था, जो अपना शासन और भारत को बुलंदियों पर देखना चाहते थे। उन्होंने कहा कि आज इसी भूमि पर नए रंग रूप में सजी आईआईटी में ऐसे युवा तैयार हो रहे हैं, जिनका इनोवेशन और आइडिया भारत को ‘आत्मनिर्भर’ बनाने की ताकत बन रहे हैं। तब फ्रीडम का सपना था और आज फ्यूचर बनाने का अवसर है। आकांक्षा से आत्मनिर्भरता का यह सफर ही विकसित भारत के निर्माण की असली ऊर्जा है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज जब हम विकसित भारत के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रहे हैं, तो आईआईटी खड़गपुर का 75 वर्षों का अनुभव देश के विकास में देश के इनोवेशन प्रोफाइल में बहुत बड़ी भूमिका निभाने वाला है। मुझे विश्वास है कि आप आज के एस्पिरेशनल इंडिया के सपनों को पूरा करने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। हमारा सामर्थ क्या है, यह इससे तय होता कि हम कितनी चुनौतियों को चुनौती देने का साहस करते हैं।
उन्होंने कहा कि राष्ट्र भी अपनी क्षमताओं को तभी पहचानते हैं, जब वे अपनी सोच की सीमाओं को तोड़ते हैं। पिछले कुछ वर्षों में भारत ने यही करके दिखाया है। भारत ने डंके की चोट पर कहा कि ‘सीमाओं को तोड़ें। संभावनाओं के द्वार खोलें।’

