Site icon Dainik Savera Times

Punjab Weather Update : पंजाब में फिर बरसेंगे बादल… 21-23 जुलाई तक भारी बारिश के आसार

Today's Weather 14 July 2025

Today's Weather 14 July 2025

Rain Alert In Punjab : पंजाब में एक बार फिर मानसून सक्रिय होने जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, 20 जुलाई की रात से पंजाब के उत्तरी और पूर्वी हिस्सों में बारिश की संभावना जताई गई है। बता दें कि अगले तीन दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है, जिसको देखते हुए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है।

21-23 जुलाई तक भारी बारिश के आसार

मौसम विभाग ने बताया कि 21 और 22 जुलाई को राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं, 23 जुलाई को भी कुछ स्थानों पर बारिश होने की संभावना है। इस दौरान उत्तरी पंजाब के कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश की चेतावनी भी दी गई है।

इन जिलों में हो सकती है भारी बारिश

विशेष रूप से चंडीगढ़, पठानकोट, होशियारपुर, नवांशहर (एस.बी.एस. नगर), फतेहगढ़ साहिब, एसएएस नगर (मोहाली) और रूपनगर में एक-दो स्थानों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है। इन जिलों और आस-पास के इलाकों के लिए मौसम विभाग ने सावधानी बरतने की सलाह दी है।

हिमाचल में बारिश को लेकर अलर्ट जारी

पंजाब में हो रही इस बारिश का कारण पश्चिमी विक्षोभ को माना जा रहा है, जो इस समय हिमाचल प्रदेश में सक्रिय है। हिमाचल में पहले से ही बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है, जिसका प्रभाव पठानकोट, होशियारपुर, नवांशहर और रूपनगर जैसे पंजाब के हिमाचल से सटे जिलों पर भी पड़ सकता है।

बारिश का हाल और तापमान

राज्य के विभिन्न जिलों में बीते 24 घंटे के दौरान हल्की बारिश दर्ज की गई:

चंडीगढ़: 1.1 मिमी
अमृतसर: 13.2 मिमी
लुधियाना: 0.6 मिमी
पटियाला: 0.2 मिमी
फिरोजपुर: 2.5 मिमी
मोगा और रोपड़: 0.5 मिमी

वहीं, अधिकांश जिलों में अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया।

मानसून की चाल पर नजर

गौरतलब है कि जुलाई की शुरुआत से पंजाब में मानसून की रफ्तार कुछ धीमी पड़ी थी, लेकिन अब पश्चिमी विक्षोभ के चलते बारिश की संभावनाएं फिर से बढ़ गई हैं। किसानों और आम जनता के लिए यह बारिश राहत लेकर आ सकती है, लेकिन प्रशासन ने सतर्कता बरतने की अपील की है।

Exit mobile version