नेशनल डेस्क : कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी आज (19 जून 2025) को अपना 55वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस खास मौके पर देश के कई बड़े नेताओं ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। इसके साथ ही देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी राहुल गांधी को उनके जन्मदिन पर शुभकामनाएं दीं और उनके अच्छे स्वास्थ्य और दीर्घायु जीवन की कामना की। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “लोकसभा में विपक्ष के नेता श्री राहुल गांधी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। उनके दीर्घायु होने और स्वस्थ जीवन की कामना करता हूं।” आइए जानते है इस खबर को विस्तार से…
राहुल की राजनीतिक विरासत और शिक्षा
आपको बता दें कि राहुल गांधी का जन्म 19 जून 1970 को नई दिल्ली में हुआ था। वह भारत के पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी और कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी के पुत्र हैं। वर्तमान में वे उत्तर प्रदेश की रायबरेली लोकसभा सीट से सांसद हैं और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष के रूप में कार्यरत हैं। राहुल गांधी ने अपनी शिक्षा भारत और विदेश दोनों जगह से ली है। उन्होंने अमेरिका के रोलिन्स कॉलेज से स्नातक की पढ़ाई की और इसके बाद कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी के ट्रिनिटी कॉलेज से एम.फिल. किया। पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने लंदन में एक कंसल्टिंग कंपनी में काम किया और फिर भारत लौटकर एक टेक कंपनी की स्थापना में मदद की।
Birthday greetings to the Leader of the Opposition in the Lok Sabha, Shri Rahul Gandhi. May he be blessed with a long and healthy life.@RahulGandhi
— Narendra Modi (@narendramodi) June 19, 2025
राहुल गांधी का राजनीतिक सफर
राहुल गांधी ने 2004 में राजनीति में कदम रखा, जब उन्होंने उत्तर प्रदेश की अमेठी सीट से लोकसभा चुनाव लड़ा और जीत हासिल की। इसके बाद वे 2009 और 2014 में भी उसी सीट से सांसद बने। वर्ष 2007 में उन्हें कांग्रेस का महासचिव बनाया गया और 2013 में उपाध्यक्ष।
Warmest birthday greetings to Shri @RahulGandhi.
What sets you apart is your unequivocal dedication to the Constitution’s values and your deep compassion for social, political and economic justice for the millions whose voices often go unheard.
Your actions consistently…
— Mallikarjun Kharge (@kharge) June 19, 2025
2017 में कांग्रेस अध्यक्ष का संभाला था पद
उन्होंने 2017 में कांग्रेस अध्यक्ष का पद संभाला, लेकिन 2019 के लोकसभा चुनाव में हार के बाद इस्तीफा दे दिया। उस चुनाव में वे अमेठी से स्मृति ईरानी से हार गए थे, लेकिन केरल के वायनाड से जीत दर्ज की थी। साल 2024 के लोकसभा चुनाव में उन्होंने रायबरेली और वायनाड दोनों सीटों से जीत हासिल की, लेकिन उन्होंने रायबरेली की सीट को चुना। वायनाड से अब उनकी बहन प्रियंका गांधी वाड्रा सांसद हैं।
बधाइयों का तांता
राहुल गांधी के जन्मदिन पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि राहुल गांधी शोषितों, वंचितों, दलितों, आदिवासियों और पिछड़े वर्गों की आवाज हैं। उन्होंने लिखा कि राहुल गांधी का संविधान के मूल्यों के प्रति समर्पण और सामाजिक न्याय के लिए संघर्ष देश के लिए बहुत जरूरी है।
I join the entire Congress family and millions across the country in wishing our beloved leader, LOP Sh. @RahulGandhi ji a very happy birthday!
Your courage to take on the fascists without fear, your message of love triumphing over hate, and your farsighted vision for our… pic.twitter.com/gjQDztIerR
— K C Venugopal (@kcvenugopalmp) June 19, 2025
इसके साथ ही कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने उन्हें एक ऐसा नेता बताया जो फासीवादी ताकतों से बिना डरे लड़ता है, और जिनकी यात्राएं – ‘भारत जोड़ो यात्रा’ और ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ – लाखों लोगों में आशा जगाती हैं।
गहलोत बोले – राहुल गांधी करें देश का नेतृत्व
राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राहुल गांधी को सच्चे सामाजिक न्याय के लिए संघर्ष करने वाला नेता बताया। उन्होंने लिखा कि राहुल गांधी जिस तरह से गरीबों, दलितों और वंचितों के लिए लड़ रहे हैं, वह आज की राजनीति में दुर्लभ है। उन्होंने यह भी कहा कि अब समय आ गया है कि राहुल गांधी देश का नेतृत्व करें, लोकतंत्र को मजबूत करें और संविधान की रक्षा करें।