नेशनल डेस्क: कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी आज बिहार के दरभंगा पहुंचे। यहां पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। राहुल गांधी अंबेडकर छात्रावास (हॉस्टल) के छात्रों से मिलने जाना चाहते थे, लेकिन जिला प्रशासन ने उन्हें वहां जाने से रोक दिया। लेकिन राहुल गांधी वहां अपनी गाड़ी छोड़कर पैदल ही हॉस्टल निकल पड़े और वहां छात्रों को संबोधित किया। राहुल गांधी ने कहा बिहार पुलिस ने मुझे रोकने की कोशिश की, लेकिन आपकी ताकत मेरे साथ थी और मैं यहां पहुंच गया।
आपकी शक्ति मेरे साथ: राहुल गांधी
अंबेडकर हॉस्टल पहुंचने के बाद राहुल गांधी ने कहा, “सरकार आपको बोलने नहीं देती, आपके ऊपर 24 घंटे अत्याचार हो रहा है। मैं आपसे मिलने इसलिए आया हूं, क्योंकि आपसे बात करना मेरा मकसद है।” उन्होंने कहा कि पिछड़े और अति पिछड़े वर्गों के खिलाफ हमेशा साजिश रची जाती है। कांग्रेस ने केंद्र सरकार से जातिगत जनगणना की मांग की है ताकि सबको बराबरी का हक मिल सके।
राहुल ने केंद्र सरकार पर बड़ा हमला करते हुए कहा, “देश की सरकार सिर्फ 5 से 10 प्रतिशत अमीर लोगों के लिए काम करती है। 90 प्रतिशत गरीब लोगों की कोई सुनवाई नहीं होती। प्रधानमंत्री उन्हीं अमीर लोगों की तरफ हैं।” उन्होंने बिहार पुलिस पर भी सवाल उठाए और कहा, “बिहार की पुलिस ने हमें रोकने की कोशिश की, लेकिन आपकी ताकत मेरे साथ थी, इसलिए मैं यहां पहुंच गया।”
क्या हुआ दरभंगा में?
राहुल गांधी जैसे ही अंबेडकर हॉस्टल की तरफ बढ़े, प्रशासन ने रास्ता रोक दिया। कांग्रेस का कहना है कि हॉस्टल में छात्रों से बातचीत के लिए पहले से तैयारी की गई थी। लेकिन अचानक प्रशासन ने वहां धारा 144 लागू कर दी, जिससे भीड़ जमा नहीं हो सकती थी। हॉस्टल में कार्यक्रम की इजाजत नहीं दी गई, और कांग्रेस कार्यकर्ताओं को भी यूनिवर्सिटी कैंपस से तीन किलोमीटर पहले ही रोक दिया गया। इससे नाराज होकर राहुल गांधी अपनी गाड़ी छोड़कर पैदल ही हॉस्टल की ओर निकल पड़े। रास्ते में उन्होंने सड़कों पर खड़े लोगों से हाथ मिलाया और उनका अभिवादन स्वीकार किया।
प्रशासन का पक्ष क्या है?
दरभंगा जिला प्रशासन ने कहा कि अंबेडकर हॉस्टल में किसी भी कार्यक्रम की अनुमति नहीं दी गई थी। कांग्रेस को टाउन हॉल में कार्यक्रम करने की इजाजत दी गई थी। लहेरियासराय थाने के सर्किल इंस्पेक्टर ललन कुमार ने बताया कि इलाके में धारा 144 लागू है और बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि कानून व्यवस्था बनी रहे।

