Site icon Dainik Savera Times

राहुल गांधी का गिग वर्कर्स को बड़ा तोहफा, अब मोबाइल पर मिलेगी काम और कमाई की पूरी जानकारी

Rahul Gandhi's big gift to gig workers Telangana Security Scheme

Rahul Gandhi's big gift to gig workers Telangana Security Scheme

हैदराबाद: लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने शनिवार को तेलंगाना में गिग वर्कर्स के लिए शुरू की गई सोशल सिक्योरिटी एंड वेलफेयर स्कीम को एक महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत गिग वर्कर्स को अपने काम, पूरी की गई राइड्स और कमाई की पूरी जानकारी मोबाइल फोन पर मिलेगी। इससे उन्हें पता चल सकेगा कि उन्होंने कितना काम किया और उसके बदले कितनी कमाई हुई है।

योजना के लॉन्च के दौरान राहुल गांधी ने कहा कि आज 21वीं सदी में डेटा की बहुत अहमियत है। देशभर में डेटा सेंटर बनाए जा रहे हैं और गूगल, फेसबुक, व्हाट्सएप और उबर जैसी बड़ी कंपनियां भी डेटा के आधार पर अपना कारोबार चला रही हैं। लेकिन भारत में अब तक गिग वर्कर्स को अपने ही काम से जुड़ी पूरी जानकारी देखने का अधिकार नहीं था।

उन्होंने कहा कि नई योजना के तहत गिग वर्कर्स को अपने डेटा तक पहुंच मिलेगी। तेलंगाना सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि हर वर्कर को उसके काम, पूरी की गई राइड्स और मिलने वाले भुगतान का पूरा ब्योरा मोबाइल फोन पर उपलब्ध हो। इससे काम और कमाई में पारदर्शिता आएगी और वर्कर्स अपने भुगतान का हिसाब भी रख सकेंगे।

गिग वर्कर्स के लिए बनेंगे Wi-Fi वाले रेस्ट जोन

राहुल गांधी ने योजना के तहत गिग वर्कर्स को मिलने वाली सुविधाओं के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि तेलंगाना सरकार हैदराबाद समेत राज्य के अन्य शहरों में Wi-Fi की सुविधा वाले रेस्ट जोन बनाएगी। इन जगहों पर गिग वर्कर्स काम के बीच कुछ समय आराम कर सकेंगे।

उन्होंने कहा कि डिलीवरी और राइड का काम करने वाले लोग दिनभर सड़कों पर रहते हैं। उन्हें तेज धूप में लंबी दूरी तय करनी पड़ती है और कई बार सामान पहुंचाने के लिए लगातार काम करना पड़ता है। इसके बावजूद उनके पास आराम करने के लिए कोई तय जगह नहीं होती। ऐसे में सरकार की ओर से बनाए जाने वाले रेस्ट जोन उनके लिए काफी मददगार होंगे। यहां वर्कर्स अपनी गाड़ियां पार्क कर सकेंगे। साथ ही बैठने, आराम करने और जरूरत पड़ने पर सोने की सुविधा भी मिलेगी। इन जगहों पर Wi-Fi की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।

राहुल गांधी ने याद दिलाया पुराना वादा

राहुल गांधी ने तेलंगाना के गिग वर्कर्स के साथ हुई अपनी पिछली मुलाकात का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि उस बैठक में वर्कर्स ने उन्हें अपने काम से जुड़ी परेशानियों, कम कमाई और दूसरी समस्याओं के बारे में बताया था। राहुल गांधी ने कहा कि उस समय कांग्रेस पार्टी, मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी और अन्य नेताओं ने गिग वर्कर्स को भरोसा दिया था कि उनकी मांगों पर गंभीरता से काम किया जाएगा।

सरकार उनकी मदद करने, उन्हें जरूरी सुविधाएं देने और सुरक्षा प्रदान करने के लिए कदम उठाएगी। उन्होंने कहा कि शनिवार को शुरू की गई यह योजना उसी वादे को पूरा करने की दिशा में एक कदम है। सरकार चाहती है कि गिग वर्कर्स को उनके काम का सही हिसाब मिले और उन्हें बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

बाइक रैली में गिग वर्कर के स्कूटर पर बैठे राहुल गांधी

योजना के लॉन्च से पहले राहुल गांधी हैदराबाद में गिग वर्कर्स की ओर से आयोजित बाइक रैली में भी शामिल हुए। इस दौरान वह एक गिग वर्कर के स्कूटर पर पीछे बैठकर रैली में शामिल हुए। तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने भी इस रैली में हिस्सा लिया। इस योजना के जरिए तेलंगाना सरकार का उद्देश्य गिग वर्कर्स को उनके काम और कमाई की जानकारी उपलब्ध कराना, काम के दौरान आराम की सुविधा देना और उनकी सामाजिक सुरक्षा को मजबूत करना है।

Exit mobile version