नेशनल डेस्क: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार के पूर्णिया ज़िले में सोमवार को एक बड़ी जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने राजद (राष्ट्रीय जनता दल) और कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। पीएम मोदी ने कहा कि इन दोनों पार्टियों की वजह से बिहार की पहचान और सम्मान को नुकसान हुआ है। उन्होंने यह भी कहा कि उनकी सरकार देश में घुसपैठ करने वालों (अवैध रूप से देश में रहने वालों) को जल्द बाहर निकालेगी।
घुसपैठियों पर सख़्त रुख
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि सीमांचल, बिहार, बंगाल और असम जैसे राज्यों में अवैध घुसपैठियों की वजह से जनसंख्या संतुलन (जनसांख्यिकीय संकट) बिगड़ रहा है। इससे लोगों को, खासकर महिलाओं को, सुरक्षा को लेकर चिंता हो रही है। उन्होंने कहा कि इसी कारण उन्होंने लाल किले से “जनसांख्यिकी मिशन” की घोषणा की थी। लेकिन, वोटबैंक का स्वार्थ देखिए, कांग्रेस-RJD और उनके इकोसिस्टम के लोग घुसपैठियों की वकालत करने में जुटे हैं, उन्हें बचाने में लगे हैं। और बेशर्मी के साथ ये लोग विदेश से आए घुसपैठियों के लिए नारे लगा रहे हैं, यात्राएं निकाल रहे हैं।”
“राजद और कांग्रेस को सिर्फ़ अपने परिवार की चिंता”
पीएम मोदी ने कहा कि राजद और कांग्रेस के नेता केवल अपने परिवार के फायदे के बारे में सोचते हैं, जबकि उनकी सरकार देश के हर वर्ग के लिए काम कर रही है। उन्होंने बताया कि उनकी सरकार “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास” के मंत्र पर चलती है।
जीएसटी में कमी से सस्ते होंगे रोज़मर्रा के सामान
रैली में प्रधानमंत्री मोदी ने एक और बड़ी घोषणा की। उन्होंने कहा कि 22 सितंबर से देशभर में जीएसटी (वस्तु एवं सेवा कर) में बड़ी राहत दी जाएगी। इससे रोजमर्रा की ज़रूरत की चीज़ें जैसे – टूथपेस्ट, साबुन, शैम्पू, घी और खाने-पीने की चीज़ें सस्ती हो जाएँगी। उन्होंने कहा, “मैं यहाँ आई हुई अपनी माताओं और बहनों को खास तौर पर कहना चाहता हूँ कि इस फैसले से उनके रसोई का खर्च कम हो जाएगा।”
“बिहार के विकास से डरती हैं विरोधी पार्टियां”
पीएम मोदी ने यह भी कहा कि कांग्रेस और राजद बिहार के विकास को देखकर परेशान हैं। इसलिए वे बार-बार पुराने और बेकार मुद्दे उठाते रहते हैं। लेकिन अब बिहार की जनता समझ चुकी है और आने वाले विधानसभा चुनावों में वे इन पार्टियों को जवाब देंगे, खासकर महिलाएँ। इससे पहले पीएम मोदी ने बिहार के पूर्णिया में नए सिविल एन्क्लेव के अस्थायी टर्मिनल भवन का उद्घाटन किया। इस मौके पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी मौजूद थे। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने ₹36,000 करोड़ से ज्यादा की विकास योजनाओं का लाभ लोगों को उपलब्ध कराने और ₹5,000 करोड़ लागत की योजनाओं के शिलान्यास किया।

