
नेशनल डेस्क : राजा रघुवंशी मर्डर मामले में कुछ और नई जानकारियां सामने आई हैं। राजा रघुवंशी के भाई विपिन ने सोनम रघुवंशी के खिलाफ चौंकाने वाले आरोप लगाए हैं। विपिन ने बताया कि सोनम काले जादू में विश्वास करती थी। शादी के बाद 17 मई को सोनम उज्जैन महाकाल के दर्शन करने गई थी, वहां से एक गुड़िया भी खरीदकर लाई थी, जिसका रंग काला था। इस गुड़िया को राजा ने घर में टांग दिया था।
गुड़िया टंगने के बाद घर से तरह-तरह की आवाजें आने लगी थीं। इसके बाद उन लोगों ने पंडित के कहने से गुड़िया को घर से बाहर कर दिया था। विपिन ने कहा कि राजा गुड़िया को वापस घर ले आया था। इसके बाद घर में छन-छन की आवाजें आने लगी थी। राजा सोनम के वश में हो चुका था, किसी और की बात नहीं सुनता था।
विपिन ने बताया कि राजा हनीमून पर शिलॉन्ग नहीं जाना चाहता था, लेकिन सोनम ने इसके लिए दबाव बनाया। इससे पहले सोनम उसको लेकर कामाख्या मंदिर भी गई। उन लोगों को शक है कि शादी के बाद से ही सोनम ने राजा के ऊपर काला जादू करना शुरू कर दिया था।
राजा की मां उमा रघुवंशी के अनुसार सोनम राजा को लेकर उज्जैन स्थित महाकाल भी गई थी। सोनम काली गुड़िया लेकर आई थी, उन लोगों ने अपनी आंखों से यह सब देखा था। बता दें कि इंदौर के ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा रघुवंशी की कुछ दिन पहले ही शादी हुई थी। इसके बाद वे पत्नी सोनम रघुवंशी के साथ हनीमून के लिए मेघालय की राजधानी शिलांग पहुंचे थे।
मां कामाख्या का मंदिर तांत्रिकों के लिए सिद्धपीठ माना जाता है, जिसके दर्शन करने भी राजा रघुवंशी गए थे। साथ में सोनम रघुवंशी भी थी। इसी दौरान राजा रघुवंशी की हत्या कर दी गई थी। मामले में पुलिस ने उनकी पत्नी समेत कई लोगों को अरेस्ट किया है।