Site icon Dainik Savera Times

Rajasthan: 15 गांवों की महिलाओं के लिए स्मार्टफोन बैन, पंचायत के फैसले से मचा विवाद

rajasthan smartphone ban

rajasthan smartphone ban

नेशनल डेस्क: राजस्थान के जालोर जिले में एक पंचायत के फैसले ने चर्चा और विवाद दोनों को जन्म दे दिया है। यहां चौधरी समाज की पंचायत ने 15 गांवों में रहने वाली बहू-बेटियों के स्मार्टफोन (कैमरे वाले मोबाइल) इस्तेमाल पर रोक लगाने का फैसला किया है। यह नियम 26 जनवरी से लागू होगा।

यह फैसला जालोर जिले के गाजीपुर गांव में हुई एक समाज की बैठक में लिया गया। बैठक की अध्यक्षता 14 पट्टी के अध्यक्ष सुजनाराम चौधरी ने की। इस बैठक में तय किया गया कि महिलाएं अब स्मार्टफोन की जगह केवल की-पैड (बटन वाला) फोन ही इस्तेमाल करेंगी।

क्या हैं नए नियम?

महिलाएं कैमरे वाला मोबाइल फोन इस्तेमाल नहीं कर सकेंगी। वे केवल कॉल करने के लिए की-पैड फोन रख सकती हैं। शादी, सामाजिक कार्यक्रम या पड़ोसी के घर जाते समय मोबाइल फोन ले जाने की अनुमति नहीं होगी। पढ़ाई करने वाली बच्चियां जरूरत पड़ने पर घर के अंदर ही मोबाइल से पढ़ाई कर सकेंगी, लेकिन बाहर ले जाना मना होगा।

 

पंचायत ने क्यों लिया यह फैसला?

समाज अध्यक्ष सुजनाराम चौधरी के अनुसार, पंचायत का मानना है कि महिलाओं के पास मोबाइल होने से बच्चे ज्यादा मोबाइल इस्तेमाल करने लगते हैं। इससे बच्चों की आंखों पर बुरा असर पड़ सकता है। इसी कारण यह निर्णय लिया गया है।

किन गांवों में लागू होगा नियम?

यह नियम जालोर जिले के इन गांवों में लागू होगा, गाजीपुरा, पावली, कालड़ा, मनोजियावास, राजीकावास, दातलावास, राजपुरा, कोड़ी, सिदरोड़ी, आलड़ी, रोपसी, खानादेवल, साविधर, भीनमाल के हाथमी की ढाणी और खानपुर।

सोशल मीडिया पर बवाल

पंचायत के इस फैसले के बाद सोशल मीडिया पर बहस शुरू हो गई है। कई लोग इसे महिलाओं की आज़ादी पर रोक बता रहे हैं, जबकि कुछ लोग इसे बच्चों की सेहत से जोड़कर सही ठहरा रहे हैं। यह फैसला अब पूरे प्रदेश में चर्चा का विषय बना हुआ है।

Exit mobile version