Toll plaza News: अब नेशनल हाईवे पर सफर करने वाले वाहन चालकों के लिए एक नई व्यवस्था शुरू की जा रही है। अगर आप अपनी गाड़ी लेकर किसी टोल प्लाजा से गुजरते हैं और आपके वाहन का थर्ड पार्टी इंश्योरेंस खत्म हो चुका है, तो इसकी जानकारी आपको सीधे मोबाइल पर SMS के जरिए मिल सकती है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने इसके लिए एक नया सिस्टम तैयार किया है। इस सिस्टम के तहत टोल प्लाजा से गुजरने वाले वाहनों के इंश्योरेंस की जांच की जाएगी। अगर किसी वाहन का इंश्योरेंस वैलिड नहीं पाया जाता, तो उसके मालिक को तुरंत मैसेज भेजकर इसकी जानकारी दी जाएगी।
दिल्ली के मुंडका टोल प्लाजा पर शुरू हुआ ट्रायल
NHAI ने फिलहाल इस नई व्यवस्था का पायलट प्रोजेक्ट दिल्ली में शुरू किया है। TOI की रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली के अर्बन एक्सटेंशन रोड-II (UER-II) पर बने मुंडका टोल प्लाजा पर इसकी टेस्टिंग की जा रही है। अभी इस सिस्टम को ट्रायल के तौर पर चलाया जा रहा है। इसका मकसद यह देखना है कि वाहन के इंश्योरेंस से जुड़ी जानकारी कितनी तेजी से और सही तरीके से मिलती है। शुरुआती टेस्टिंग के बाद सिस्टम में आने वाली कमियों को दूर किया जाएगा। NHAI का मुख्य उद्देश्य वाहन मालिकों को समय रहते इंश्योरेंस रिन्यू कराने के लिए जागरूक करना है, ताकि कोई भी वाहन बिना वैलिड थर्ड पार्टी इंश्योरेंस के सड़क पर न चले।
कैसे काम करेगा नया सिस्टम?
इस पूरी व्यवस्था में टोल प्लाजा और वाहन पोर्टल के बीच डेटा शेयर किया जाएगा। जब भी कोई गाड़ी टोल प्लाजा से गुजरेगी, तो उसकी जानकारी नेशनल इंफॉर्मेटिक्स सेंटर (NIC) के वाहन (VAHAN) डेटाबेस तक पहुंचेगी। इसके बाद सिस्टम अपने आप उस वाहन के इंश्योरेंस की स्थिति चेक करेगा। इसमें देखा जाएगा कि गाड़ी का थर्ड पार्टी इंश्योरेंस अभी वैलिड है या उसकी समयसीमा खत्म हो चुकी है। अगर जांच में पता चलता है कि वाहन का इंश्योरेंस एक्सपायर हो गया है या उसका कोई वैलिड इंश्योरेंस नहीं है, तो गाड़ी के मालिक के मोबाइल नंबर पर SMS भेजा जाएगा।
SMS में मिलेगी ये जानकारी
वाहन मालिक को भेजे जाने वाले मैसेज में गाड़ी से जुड़ी जरूरी जानकारी दी जाएगी।
– वाहन का रजिस्ट्रेशन नंबर
– टोल प्लाजा पार करने का समय
– वाहन के इंश्योरेंस की एक्सपायरी से जुड़ी जानकारी
– इंश्योरेंस को दोबारा रिन्यू कराने की सलाह
– इस मैसेज का मकसद वाहन मालिक को यह याद दिलाना है कि उसके वाहन का इंश्योरेंस खत्म हो चुका है और उसे जल्द से जल्द नया इंश्योरेंस करवाना चाहिए।
बिना इंश्योरेंस गाड़ी चलाने पर कितना लगेगा जुर्माना
भारत में किसी भी वाहन के लिए थर्ड पार्टी मोटर इंश्योरेंस होना अनिवार्य है। इसके बावजूद कई वाहन ऐसे हैं, जो बिना वैलिड इंश्योरेंस के सड़कों पर दौड़ रहे हैं। मोटर व्हीकल एक्ट के तहत बिना वैलिड थर्ड पार्टी इंश्योरेंस के वाहन चलाना कानूनी अपराध है। इसके लिए वाहन मालिक पर जुर्माना भी लगाया जा सकता है। मौजूदा नियमों के मुताबिक पहली बार पकड़े जाने पर: बिना वैलिड इंश्योरेंस वाहन चलाते हुए पहली बार पकड़े जाने पर 5,000 रुपये या बेस इंश्योरेंस प्रीमियम का तीन गुना जुर्माना लगाया जा सकता है। इनमें से जो भी रकम ज्यादा होगी, वह देनी होगी।
दूसरी बार पकड़े जाने पर: अगर कोई वाहन मालिक दोबारा इसी नियम का उल्लंघन करता है, तो उस पर 10,000 रुपये या बेस इंश्योरेंस प्रीमियम का पांच गुना जुर्माना लगाया जा सकता है। इनमें से जो भी रकम ज्यादा होगी, वह देना होगा। यानी समय पर इंश्योरेंस रिन्यू नहीं कराने से वाहन मालिक को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।
हादसे की स्थिति में भी हो सकती है परेशानी
थर्ड पार्टी इंश्योरेंस सिर्फ कानूनी नियम पूरा करने के लिए ही जरूरी नहीं है, बल्कि सड़क हादसे की स्थिति में भी इसकी अहम भूमिका होती है। अगर किसी वाहन से दुर्घटना हो जाती है और उसका थर्ड पार्टी इंश्योरेंस वैलिड नहीं है, तो हादसे में प्रभावित व्यक्ति को मुआवजा मिलने में परेशानी हो सकती है। ऐसी स्थिति में वाहन मालिक पर आर्थिक जिम्मेदारी भी आ सकती है। इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए NHAI की ओर से यह नई व्यवस्था शुरू की जा रही है, ताकि वाहन मालिकों को समय रहते उनके इंश्योरेंस की स्थिति के बारे में जानकारी मिल सके।
सफल होने पर देशभर के नेशनल हाईवे पर लागू होगा सिस्टम
फिलहाल NHAI का यह सिस्टम दिल्ली के मुंडका टोल प्लाजा पर ट्रायल के दौर में है। पहले इसकी टेस्टिंग पूरी की जाएगी और फिर इसके काम करने के तरीके को बेहतर बनाया जाएगा।अगर पायलट प्रोजेक्ट सफल रहता है, तो आने वाले समय में इसे देश के दूसरे नेशनल हाईवे के टोल प्लाजा पर भी लागू किया जा सकता है। इससे देशभर में टोल प्लाजा से गुजरने वाले वाहनों के इंश्योरेंस की जानकारी हासिल करना आसान हो सकता है। साथ ही वाहन मालिकों को समय पर इंश्योरेंस रिन्यू कराने की याद भी मिलती रहेगी। कुल मिलाकर, आने वाले समय में टोल टैक्स चुकाने के बाद आपके मोबाइल पर सिर्फ टोल से जुड़ा मैसेज ही नहीं, बल्कि आपकी गाड़ी के इंश्योरेंस की स्थिति से जुड़ी जानकारी भी आ सकती है।

