Road Accident : बिहार के जमुई जिले से एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। जहां ट्रैक्टर और बाइक की टक्कर में दो भाइयों की मौत हो गई तथा एक गंभीर रूप से घायल हो गया।
मामला जमुई जिले के बरहट थाना क्षेत्र के पड़हो इलाके का है। बताया जा रहा है कि सोमवार सुबह बाइक सवार तीन युवक किसी काम से जा रहे थे, तभी सामने से आ रहे ट्रैक्टर से उनकी सीधी टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि सड़क हादसे में सौरव कुमार और गोलू यादव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि प्रिंस कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया।
मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। साथ ही दोनों भाइयों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
मामले की जांच शुरू
पुलिस अधिकारी राजकुमार पासवान ने बताया कि यह दुर्घटना पड़हो इलाके में हुई। ट्रैक्टर और बाइक की टक्कर में एक व्यक्ति घायल हो गया और दो लोगों की मौत हो गई। तीनों भाई लक्ष्मीपुर थाना क्षेत्र के बसमता गांव के निवासी बताए जाते हैं। घायलों का जमुई सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
इससे पहले 10 मई को बिहार के जहानाबाद में हुए हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई थी और 9 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए थे। बिहार के वैशाली जिले के हाजीपुर-महनार मुख्य मार्ग पर 5 मई को भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा चांदपुरा थाने से महज 200 मीटर की दूरी पर हुआ।
मृतकों की पहचान सोनू कुमार (22), राजीव कुमार (24) और रंजन कुमार (20) के रूप में हुई है। ये तीनों चांदपुरा गांव के निवासी थे और चचेरे भाई-बहन थे।

