Site icon Dainik Savera Times

देवघर में सड़क हादसा: गैस सिलेंडर ले जा रहे ट्रक से टकरा गई बस, 18 कांवड़ियों की मौत, कई घायल

Accident

Accident

Deoghar Road Accident झारखंड : सावन माह के पावन अवसर पर झारखंड के बैद्यनाथ धाम की ओर जा रहे शिवभक्तों के लिए मंगलवार की सुबह एक भयानक हादसा लेकर आई। देवघर जिले के मोहनपुर थाना क्षेत्र के जमुनिया जंगल के पास कांवड़ियों से भरी एक बस और गैस सिलेंडर से लदे ट्रक की टक्कर हो गई। इस दिल दहला देने वाले हादसे में अब तक 18 कांवड़ियों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि कई अन्य घायल बताए जा रहे हैं।

कैसे हुआ हादसा?

पुलिस के अनुसार, हादसा मंगलवार तड़के करीब 4:30 बजे हुआ। 32-सीटर बस, जिसमें कांवड़ यात्री सवार थे, वह सामने से आ रहे गैस सिलेंडर लदे ट्रक से टकरा गई। यह टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस के आगे के हिस्से के परखच्चे उड़ गए। कई यात्री मौके पर ही दम तोड़ बैठे, जबकि अन्य गंभीर रूप से घायल हुए।

भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने की पुष्टि

देवघर के लोकसभा सांसद और भाजपा नेता निशिकांत दुबे ने हादसे की जानकारी देते हुए X (पूर्व ट्विटर) पर लिखा कि, “मेरे लोकसभा क्षेत्र देवघर में श्रावण मास की कांवड़ यात्रा के दौरान बस और ट्रक की भीषण टक्कर में 18 श्रद्धालुओं की मृत्यु हो गई है। बाबा बैद्यनाथ सभी दिवंगत आत्माओं को शांति और उनके परिजनों को इस दुःख को सहने की शक्ति दें।”

रेस्क्यू अभियान जारी, घायलों का इलाज शुरू

हादसे के बाद जिला प्रशासन, पुलिस और स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। घायलों को देवघर सदर अस्पताल और निकटवर्ती प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में भर्ती कराया गया है। प्रशासन ने आशंका जताई है कि मृतकों की संख्या और बढ़ सकती है, क्योंकि कुछ घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है।

श्रद्धालुओं में शोक की लहर

हादसे की खबर फैलते ही बैद्यनाथधाम आने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में शोक की लहर दौड़ गई। सावन माह में लाखों श्रद्धालु गंगाजल लेकर बाबा वैद्यनाथ के दर्शन के लिए आते हैं, लेकिन इस हादसे ने यात्रा को गहरे दुख में बदल दिया।

प्रशासन की अपील

प्रशासन ने श्रद्धालुओं से सावधानीपूर्वक यात्रा करने और यात्रा के दौरान थकावट में वाहन न चलाने की अपील की है। साथ ही सभी ड्राइवरों को सुरक्षित ड्राइविंग के निर्देश दिए गए हैं।

Exit mobile version