Site icon Dainik Savera Times

जयपुर में सड़क हादसा: एसयूवी कार ने पैदल यात्रियों को मारी टक्कर, हादसे में 3 लोगों की मौत, 6 घायल

Road Accident in Basti

Road Accident in Basti

Road accident in Jaipur : जयपुर के भीड़भाड़ वाले इलाके में सोमवार रात एक तेज रफ्तार एसयूवी ने कई पैदल यात्रियों और वाहनों को टक्कर मार दी, जिससे तीन लोगों की मौत हो गई और छह अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि वाहन कथित तौर पर एक फैक्ट्री मालिक चला रहा था जो नशे में था। घटना सोमवार रात की है और अनियंत्रित कार एमआई रोड से नाहरगढ़ थाना क्षेत्र की संकरी गलियों में करीब सात किलोमीटर तक दौड़ती रही। इस दौरान वाहन ने कई लोगों को टक्कर मारी तथा खड़ी गाड़ियों को क्षतिग्रस्त कर दिया। हालांकि, बाद में वाहन को रोक लिया गया और चालक को गिरफ्तार कर लिया गया।

एसयूवी ने पैदल यात्रियों को मारी टक्कर

अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त बजरंग सिंह शेखावत ने बताया कि एसयूवी को शास्त्री नगर स्थित राणा कॉलोनी निवासी उस्मान खान (62) चला रहा था और घटना के समय वह नशे में था। शेखावत ने कहा, “उन्होंने एसयूवी पर से नियंत्रण खो दिया और वाहन नाहरगढ़ पुलिस थाने के पास लगभग 500 मीटर तक अपने रास्ते में आने वाली हर चीज से टकराता चला गया।” पुलिस ने बताया कि कार चालक ने पहले संतोषी माता मंदिर के पास एक स्कूटी-बाइक को टक्कर मारी और फिर सड़क पर गिरे लोगों को कुचल दिया तथा रास्ते में कई लोगों और वाहनों को टक्कर मार दी। कार ने पुलिस स्टेशन के बाहर खड़े वाहनों को भी टक्कर मारी।

हादसे में तीन की मौत, अन्य घायल

पुलिस और स्थानीय लोगों ने कार को उस समय रोका जब वह मुख्य दुर्घटना स्थल से लगभग एक किलोमीटर दूर एक संकरी गली में फंस गई थी। कार चालक को घटनास्थल पर ही हिरासत में ले लिया गया। हादसे में घायल हुए लोगों में वीरेंद्र सिंह (48), ममता कंवर (50), मोनेश सोनी (28), मोहम्मद जलालुद्दीन (44), दीपिका सैनी (17), विजय नारायण (65), जेबुननिशा (50), अंशिका (24) और अवधेश पारीक (37) शामिल हैं। सभी को सवाई मानसिंह (एसएमएस) अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने ममता कंवर और अवधेश पारीक को मृत घोषित कर दिया। मंगलवार सुबह इलाज के दौरान वीरेंद्र सिंह की मौत हो गई।

इलाकों में चार थानों की पुलिस तैनात

अस्पताल अधिकारियों ने बताया कि घायलों में से कई की हालत गंभीर है और उन्हें एसएमएस अस्पताल के ट्रॉमा वार्ड में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बताया कि उस्मान खान की विश्वकर्मा औद्योगिक क्षेत्र में लोहे की पलंग बनाने की फैक्ट्री है। मेडिकल जांच से पुष्टि हुई कि घटना के समय वह काफी नशे में था। पीड़िता ममता कंवर के पिता की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। घटना के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए नाहरगढ़ रोड व आसपास के इलाकों में चार थानों की पुलिस तैनात कर दी गई।

Exit mobile version