नेशनल डेस्क : गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई भले ही गुजरात की साबरमती जेल में बंद है, लेकिन किसी न किसी अपराध में उसका नाम सामने आता रहता है। पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की हत्या के बाद उसे जुर्म की दुनिया में बड़ा नाम माना जाने लगा है। बताया जा रहा है कि लॉरेंस बिश्नोई की अपने जिगरी दोस्त गोल्डी बराड़ से राहें जुदा हो चुकी हैं। बताया जा रहा है कि लॉरेंस बिश्नोई की अब काला राणा-नोनी राणा ब्रदर्स गैंग के साथ नजदीकियां बढ़ गई हैं।
इस गैंग के कुख्यात बदमाश रोमिल वोहरा को पुलिस ने दिल्ली-हरियाणा बॉर्डर पर बुधवार को हुए एनकाउंटर में मार गिराया। यह गैंग हरियाणा, दिल्ली से सटे इलाकों में हत्या, रंगदारी और गैंगवार जैसे अपराधों में संलिप्त है। रोमिल राणा भाइयों का राइट हैंड माना जाता था। वह मूल रूप से हरियाणा के यमुनानगर के अशोक विहार का रहने वाला था। बताया जा रहा है कि उसके माता-पिता भी जेल में है।
नोनी ऑपरेट करता है गैंग
वह इकलौता बेटा था, 2024 में रोमिल के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया था। यमुनानगर के लक्खा सिंह चौकी इलाके में 2023 में ट्रिपल मर्डर हुआ था, उसमें रोमिल की खास भूमिका थी। बताया गया है कि रोमिल और उसके साथियों ने शराब कारोबार से जुड़े 3 लोगों को 60 राउंड फायरिंग कर मौत के घाट उतार दिया था। पुलिस के अनुसार राणा गैंग को नोनी राणा उर्फ सूर्य प्रताप ऑपरेट करता है।
अमेरिका में छिपा है नोनी
वह हिस्ट्रीशीटर गैंगस्टर काला राणा का छोटा भाई है। नोनी फिलहाल अमेरिका में छिपा है, जो लॉरेंस बिश्नोई के साथ मिलकर रंगदारी करता है। पुलिस के अनुसार नोनी वीपीएन के जरिए अपनी गैंग के बदमाशों से बातचीत करता है।
बताया जा रहा है लॉरेंस ने गोल्डी बराड़ का साथ छूटने के बाद नोनी राणा से हाथ मिलाया है। गोल्डी ने अलग गैंग चलानी शुरू कर दी है। उसने रोहित गोदारा के साथ हाथ मिला लिया है। गोल्डी और लॉरेंस के बीच दोस्ती टूटने का कारण उसका भाई अनमोल माना जा रहा है।

