Last Updated: September 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

Uttarakhand Bus Accident: उत्तराखंड में बड़ा हादसा, अलकनंदा नदी में गिरी 19 यात्रियों से भरी बस; जानें हादसे की वजह

June 26, 2025

Uttarakhand Bus Accident: उत्तराखंड में बड़ा हादसा, अलकनंदा नदी में गिरी 19 यात्रियों से भरी बस; जानें हादसे की वजह

उत्तराखंड डेस्क : उत्तराखंड में बड़ा हादसा हुआ है। रुद्रप्रयाग जिले में एक बस अलकनंदा नदी में जा गिरी। गुरुवार सुबह बस जिले के घोलतीर इलाके से गुजर रही थी। अचानक उफनती अलकनंदा नदी में समा गई। बताया जा रहा है कि बस में 19 यात्री सवार थे। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई। करीब 5 लोगों के बाहर छिटके होने की सूचना मिल रही है। हादसे की सूचना के बाद सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया।

हादसे की अभी प्रशासनिक तौर पर पुष्टि नहीं हो सकी है। जानकारी के मुताबिक हादसा बद्रीनाथ नेशनल हाईवे पर हुआ है। हादसे में 7 लोगों के घायल होने की सूचना है। बताया जा रहा है कि मौके से एक शख्स का शव बरामद कर लिया गया है। बस में 19 यात्रियों के सवार होने का अनुमान जताया गया है।

11 लोगों का सुराग नहीं

सूत्रों के मुताबिक एसडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन की टीमें लापता लोगों की तलाश में जुटी हैं। फिलहाल 18 में से 7 लोगों का रेस्क्यू कर लिया गया गया है। अभी 11 लोग लापता बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश में टीमें जुटी हुई हैं। इससे पहले भी उत्तराखंड में कई हादसे हो चुके हैं।

सर्च ऑपरेशन जारी

हादसे की वजह ड्राइवर का बस से नियंत्रण खोना बताया जा रहा है। ड्रोन और गोताखोरों की मदद से मौके पर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। बता दें कि उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में मानसून के आगमन के साथ ही हादसों में इजाफा हो जाता है। खराब सड़कों, बारिश और पहाड़ी ढलानों की वजह से वाहन फिसल जाते हैं। सरकार की ओर से समय-समय पर चालकों को सतर्कता बरतने संबंधी एडवाइजरी जारी की जाती है।

पिछले साल भी हुआ था बड़ा हादसा

पिछले साल दिसंबर में भी एक बस भीमताल इलाके में खाई में गिर गई थी। हादसे में 4 यात्रियों की मौत हो गई थी। हादसे में 24 से अधिक लोग घायल हुए थे। मारे गए लोगों में एक महिला, बच्चा और 2 पुरुष शामिल थे। बताया जा रहा है कि बस अल्मोड़ा से नैनीताल जा रही थी, उसमें 35 लोग सवार थे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें