Site icon Dainik Savera Times

‘दिन में ठीक बोलते, शाम को बम बरसाते…’, पुतिन पर बरसे ट्रंप, यूक्रेन को किया ये खास हथियार देने का ऐलान

Tomahawk missile

Tomahawk missile

इंटरनेशनल डेस्क: रूस-यूक्रेन जंग के बीच अब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन पर निशाना साधा है। ट्रंप ने यूक्रेन को हरसंभव मदद देने का ऐलान किया है। यूक्रेन को रूसी हमले से बचाने के लिए पैट्रियट एयर डिफेंस सिस्टम भेजने का ऐलान किया है। हालांकि अभी कितने सिस्टम भेजे जाएंगे, यह तय नहीं है। ये डिफेंस सिस्टम बैलिस्टिक मिसाइलों और एडवांस्ड विमानों से मुकाबला करने में सक्षम है। इसे अमेरिका की सबसे हाईटेक प्रणाली माना जाता है।

रविवार को डोनाल्ड ट्रंप ने पैट्रियट को लेकर घोषणा की थी। ट्रंप ने यूक्रेन को शांति समझौतों की कोशिशें विफल होने के बाद मदद भेजने का ऐलान किया है। पुतिन और ट्रंप के संबंधों में खटास आ चुकी है। ट्रंप के अनुसार यूक्रेन को पैट्रियट की सख्त जरूरत है, इसलिए ये मदद उनको भेजी जाएगी। इससे 2 सप्ताह पहले कीव को हथियारों की आपूर्ति रोक देने की बात सामने आई थी। ट्रंप के अनुसार यूक्रेन को जरूरी हथियारों की जरूरत है, ताकि वह अपनी रक्षा कर सके।

क्या है पैट्रियट?

यूक्रेन को नए हथियारों की डिलीवरी नए सौदे के तहत हो रही है। नाटो लगातार यूक्रेन को हथियारों की सप्लाई कर रहा है। नए हथियारों के लिए नाटो ही अमेरिका को भुगतान करेगा। पैट्रियट (MIM-104) सामरिक बैलिस्टिक मिसाइलों रोकने वाली हाईटेक रक्षा प्रणाली है। यह क्रूज मिसाइलों और एडवांस्ड विमानों का मुकाबला करने में सक्षम है। खास बात है कि यह सभी मौसम और ऊंचाई पर सतह से हवा में मार करने वाली मिसाइल रक्षा प्रणाली है।

खाड़ी जंग में पहली बार इस्तेमाल

बता दें कि इस एयर डिफेंस सिस्टम का उपयोग पहली बार खाड़ी युद्ध में 1991 के दौरान हुआ था। इस प्रणाली के जरिए सऊदी अरब, इजरायल और कुवैत की सुरक्षा का जिम्मा दिया गया था। 2003 में अमेरिका ने जब इराक पर हमला किया तो भी उस प्रणाली का उपयोग किया गया था। इस प्रणाली का प्रयोग फिलहाल जर्मनी, इजराइल, ग्रीस, कुवैत, जापान, सऊदी अरब, नीदरलैंड, पोलैंड, स्वीडन, दक्षिण कोरिया, संयुक्त अरब अमीरात, कतर, स्पेन, रोमानिया और ताइवान भी करते हैं।

राष्ट्रपति बनने के बाद ट्रंप ने कहा था कि वे पुतिन से बात कर यूक्रेन-रूस जंग रुकवा सकते हैं। अब ट्रंप का कहना है कि पुतिन ने उनको निराश किया है। लगातार रूसी हमले यूक्रेन पर हो रहे हैं। इसको लेकर ट्रंप नाराज बताए जा रहे हैं।

Exit mobile version