Site icon Dainik Savera Times

Russia-Ukraine War: शांति वार्ता से पहले रूस का यूक्रेन पर बड़ा हमला; 3 शहरों को बनाया निशाना… क्या बोले जेलेंस्की?

Russia Ukraine War

इंटरनेशनल डेस्क: रूस-यूक्रेन के बीच भीषण जंग चल रही है। दोनों देशों के बीच शांति वार्ता को लेकर संभावित बातचीत की बात सामने आई है। इससे पहले अब रूस ने यूक्रेन के 3 बड़े शहरों को निशाना बनाया है। ताजा ड्रोन हमलों में 24 लोगों के घायल होने और एक लड़के की मौत होने की बात सामने आई है। हमले के बाद यूक्रेनी राष्ट्रपति व्लादिमीर जेलेंस्की की प्रतिक्रिया सामने आई है।

जेलेंस्की ने कहा कि रूस के साथ शांति वार्ता होकर रहेगी। इस वार्ता का कोई नतीजा निकलकर सामने आएगा, इसकी संभावना हमें कम ही लग रही है। यूक्रेनी अधिकारियों ने हमले को लेकर पुष्टि की है। अधिकारियों के मुताबिक सोमवार शाम को रूस ने यूक्रेन के दक्षिण में ओडेसा, उत्तर-पूर्व में सुमी और पूर्वी क्रामाटोरस्क के इलाकों को टारगेट किया है।

1 लड़के की जान चली गई 

सूत्रों के मुताबिक क्रामाटोर्स्क में एक ग्लाइड बम अपार्टमेंट में आकर गिरा था, इसकी वजह से आग लग गई थी। इस हमले में एक लड़के की जान चली गई, वहीं, 5 लोगों के घायल होने की बात सामने आई है। यूक्रेनी अधिकारियों के अनुसार सूमी इलाके में कई जगहों पर हमले हुए हैं। पुतिवल शहर में एक गैस स्टेशन पर ड्रोन हमला हुआ है। बताया जा रहा है कि हमले में 5 लोग घायल हुए हैं, जिसमें 1 बच्चा था।

बताया जा रहा है कि उसी जगह पर दो घंटे बाद एक और अटैक हुआ था, जिसमें 7 और लोग घायल बताए जा रहे हैं। सुमी शहर के ऊपर दो रूसी ग्लाइड बम भी गिराए गए हैं। इसमें 13 लोग घायल हुए हैं, जिनमें 6 साल का एक बच्चा भी शामिल है।

सूत्रों के मुताबिक हमले में 5 अपार्टमेंट, 2 निजी घर और 1 शॉपिंग मॉल क्षतिग्रस्त बताए जा रहे हैं। विस्फोटों की वजह से कई मकानों की खिड़कियां टूट गईं। कई मकानों की बालकनी भी गिर गईं। मंगलवार को हमलों को लेकर रूसी रक्षा मंत्रालय की प्रतिक्रिया भी सामने आई है।

रूस ने किया 35 ड्रोन गिराने का दावा

रक्षा मंत्रालय ने कहा कि एयर डिफेंस सिस्टम की वजह से रातभर में कई इलाकों में 35 यूक्रेनी ड्रोनों को मार गिराया गया है। इनमें 3 ड्रोन मॉस्को के इलाके में गिराए जाने थे। लेकिन इनको रोक लिया गया। बता दें कि रूस और यूक्रेन के बीच पिछले 3 साल से भीषण जंग चल रही है। सूत्रों के मुताबिक दोनों देशों के बीच जल्द शांति वार्ता होनी है।

Exit mobile version