‘Saiyaara’ box office collection एंटरटेनमेंट डेस्क : काफी इंतज़ार और चर्चाओं के बाद, मोहित सूरी की बहुप्रतीक्षित रोमांटिक म्यूजिकल ड्रामा फिल्म ‘सैयारा’ ने आखिरकार 18 जुलाई को सिनेमाघरों में धमाकेदार एंट्री ली। वहीं इस फिल्म के जरिए दो नए चेहरों अहान पांडे और अनीत पड्डा ने बॉलीवुड में कदम रखा है, और पहले ही दिन इनकी डेब्यू फिल्म ने इतिहास रच दिया है।
डबल डिजिट कमाई से किया डेब्यू
बता दें कि फिल्म ‘सैयारा’ ने पहले दिन बॉक्स ऑफिस पर 20 करोड़ रुपये की कमाई कर सबको चौंका दिया है। यह साल 2025 में नए कलाकारों की फिल्मों में अब तक की सबसे बड़ी ओपनिंग में से एक बन गई है। शुक्रवार को फिल्म की हिंदी ऑक्यूपेंसी 49.90% रही, जोकि दर्शकों की जबरदस्त रुचि को दर्शाता है।
एडवांस बुकिंग भी रही जबरदस्त
रिलीज से पहले ही ‘सैयारा’ ने एडवांस बुकिंग में 9.4 करोड़ रुपये की कमाई कर ली थी। यह 2025 की अब तक की तीसरी सबसे बड़ी एडवांस बुकिंग रही है। दर्शकों को अहान और अनीत की ताज़ा जोड़ी खूब भा रही है।
गाने बने इंटरनेट सेंसेशन
फिल्म के गाने जैसे ‘बर्बाद’ और ‘हमसफर’ रिलीज़ के साथ ही सोशल मीडिया पर ट्रेंड कर रहे हैं। संगीत प्रेमियों को फिल्म का म्यूजिक खासा पसंद आ रहा है, जो फिल्म की सफलता में अहम भूमिका निभा रहा है।
बड़े सितारों को छोड़ा पीछे
‘सैयारा’ ने अपने डेब्यू पर कई बड़ी फिल्मों को पछाड़ दिया है:
–‘धड़क’ (8.71 करोड़)
–‘स्काई फोर्स’ (12.25 करोड़)
–‘जाट’ (9.5 करोड़)
–‘सितारे ज़मीन पर’ (10.7 करोड़)
–‘रेड 2’ (19.25 करोड़)
–‘केसरी चैप्टर 2’ (7.75 करोड़)
अहान पांडे की परफॉर्मेंस को सराहना
अनन्या पांडे के चचेरे भाई अहान पांडे ने अपनी पहली ही फिल्म से दर्शकों का दिल जीत लिया है। उनकी स्क्रीन प्रेजेंस, डायलॉग डिलीवरी और इमोशनल एक्सप्रेशन की सराहना की जा रही है। वहीं, अनीत पड्डा की सादगी और अभिनय ने भी खासा असर डाला है।

