Dainik Savera Times

MP Salary Hike: सांसदों की बल्ले-बल्ले, बढ़ गई सैलरी और पेंशन… केंद्र सरकार ने जारी की अधिसूचना

Salary and pension of MPs increased

नेशनल डेस्क: सरकार ने लोकसभा और राज्यसभा के सांसदों के वेतन, भत्तों और पूर्व सांसदों की पेंशन में वृद्धि की घोषणा की है। यह बढ़ोतरी 1 अप्रैल 2023 से लागू होगी। संसदीय कार्य मंत्रालय ने सोमवार को एक गजट नोटिफिकेशन जारी कर इस बदलाव की जानकारी दी।

सांसदों का वेतन और दैनिक भत्ता बढ़ा
नए नियमों के अनुसार, अब लोकसभा और राज्यसभा के सांसदों का वेतन 1 लाख रुपये से बढ़ाकर 1.24 लाख रुपये प्रति माह कर दिया गया है। साथ ही, सांसदों को मिलने वाला दैनिक भत्ता भी 2,000 रुपये से बढ़ाकर 2,500 रुपये कर दिया गया है।

पूर्व सांसदों की पेंशन में बढ़ोतरी
पूर्व सांसदों की पेंशन में भी बढ़ोतरी की गई है। अब उन्हें 25,000 रुपये के बजाय 31,000 रुपये प्रति माह पेंशन मिलेगी। इसके अलावा, जिन सांसदों ने 5 साल से अधिक समय तक सेवा दी है, उनकी पेंशन में भी अतिरिक्त 500 रुपये की बढ़ोतरी की गई है, जो अब 2,500 रुपये प्रति माह हो गई है। इससे पहले, सांसदों के वेतन और भत्तों में आखिरी बदलाव अप्रैल 2018 में हुआ था।

सांसदों को मिलने वाली सुविधाएं
सांसदों को वेतन के अलावा कई अन्य सुविधाएं भी मिलती हैं। इनमें उनके परिवार के लिए मुफ्त हवाई यात्रा, अनलिमिटेड ट्रेन यात्रा और संसद सत्र के दौरान दिल्ली जाने के लिए सालाना आठ हवाई सफर शामिल हैं। इसके अलावा, एक सांसद को 50,000 यूनिट मुफ्त बिजली, 1 लाख 70 हजार रुपये की मुफ्त कॉल्स, 40 लाख लीटर पानी, और सरकारी बंगला भी मिलता है। इस बढ़ोतरी का फैसला संसद के बजट सत्र के दौरान लिया गया है, और इससे सांसदों के जीवनस्तर में सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।

Exit mobile version