Site icon Dainik Savera Times

‘पुरानी बातें छोड़कर आगे बढ़ने की जरूरत’, 1984 दंगों के सवाल पर बोले सैम पित्रोदा

Sam Pitroda Congress Sam Pitroda 1984 riots Indian Politics Ram Hanuman question

Sam Pitroda Congress Sam Pitroda 1984 riots Indian Politics Ram Hanuman question

नई दिल्ली। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष सैम पित्रोदा ने युवाओं को अतीत नहीं बल्कि भविष्य की और देखने की सलाह दी है। उनके मुताबिक, राम और हनुमान के सवालों से ज्यादा जरूरी है कि नई तकनीक पर बात की जाए। विशेष साक्षात्कार में, पित्रोदा ने 1984 के सिख-विरोधी दंगों के बारे में बात की और कहा कि देश को आगे बढ़ना चाहिए और सभी के लिए एक बेहतर, अधिक शांतिपूर्ण और समृद्ध भविष्य बनाने पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए। 1984 दंगों के सवाल पर सैम पित्रोदा ने कहा कि पुरानी बातें छोड़कर आगे बढ़ने की जरूरत है।

मैं आपसे इस तरह के 50 सवाल पूछ सकता हूं

पित्रोदा से जब रामायण और हनुमान से जुड़े प्रसंगों को लेकर मौजूदा राजनीतिक बहस पर राय मांगी गई तो उन्होंने कहा, “हमें सबके लिए एक बेहतर और समृद्ध राष्ट्र बनाने की दिशा में काम करना चाहिए। इस बात में उलझने का क्या मतलब है कि राम के समय में क्या हुआ था या हनुमान वहां क्यों गए थे? उन्होंने पहाड़ क्यों उठाया था? मैं आपसे इस तरह के 50 सवाल पूछ सकता हूं। ऐसे सवालों का आज क्या मतलब है? आज अतीत की बातों में इतना उलझे रहने का कोई खास औचित्य नहीं है। हम अब भी अतीत में अटके हुए हैं। हमें भविष्य की ओर देखना होगा।”

युवाओं को सलाह दी कि ” ‘तमाशे’ से बाहर निकलें। बीते कल में न अटकें, जैसे कि राम और कृष्ण के समय की बातें, लक्ष्मण वहां क्यों गए? हिरण क्यों आया? क्या आप इसमें फंसना चाहते हैं? बेशक, यह महत्वपूर्ण है। मैं यह नहीं कह रहा कि यह महत्वपूर्ण नहीं है। लेकिन जरूरी बात यह है कि युवा अपना भविष्य खुद तय करें, समस्याओं को सुलझाएं, और उस अफरा-तफरी का हिस्सा न बनें जो पैदा की गई है उसमें फंसें नहीं।”

1984 दंगों के सवाल पर क्या बोले सैम पित्रोदा?

जब उनसे पूछा गया कि क्या 1984 के सिख-विरोधी दंगों के लिए कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराया जाना चाहिए। इन दंगों को कई सिख संगठनों और अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं ने ‘सिख नरसंहार’ भी बताया है। इसमें पूरे भारत में सिख समुदाय के लोगों पर सुनियोजित तरीके से कई हमले किए गए थे।

पित्रोदा ने कहा, “इसका कोई मतलब नहीं है। इस मामले का फैसला 40 साल पहले हो चुका है। सब कुछ ठीक है। मेरा मतलब है कि 40 साल पहले हुई किसी घटना को आज फिर से उठाने का क्या औचित्य है? मैं कई बार कह चुका हूं कि इस पर फैसला हो चुका है। सब कुछ ठीक है। बेवजह पुरानी बातों को क्यों खोदते हैं और कीचड़ उछालते हैं? मुझे हमारा यह रवैया समझ नहीं आता। आज के समय से इसका क्या लेना-देना है? आप कब तक ऐसा करते रहेंगे?”

उन्होंने आगे कहा, “हमें भविष्य की ओर देखना चाहिए। और सब ठीक है, वे (सिख समुदाय) इस बात को समझते हैं। 40 साल से भी पुरानी बात है। लोग बस बीती बातों को खोदते रहते हैं। आइए भविष्य की ओर देखें। आइए मिलकर आगे बढ़ें। आइए सबके लिए एक बेहतर, समृद्ध और शांतिपूर्ण राष्ट्र बनाएं। हमारा एजेंडा यह होना चाहिए, न कि यह कि राम के समय क्या हुआ था, या हनुमान वहां क्यों गए थे? उन्होंने पहाड़ क्यों उठाया था? इन बातों पर चर्चा करने का कोई मतलब नहीं है। मैं आपसे ऐसे 50 सवाल पूछ सकता हूं, जैसे कि हनुमान ने समुद्र पार क्यों किया था?”

Exit mobile version