
उत्तर प्रदेश डेस्क: उत्तर प्रदेश के संभल में अश्लील रील्स बनाने के मामले में गिरफ्तार आरोपियों को जमानत मिल गई है। जिले के असमोली थाना पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया था। उनकी पहचान शहबाजपुर कलां गांव निवासी मेहरूल निशा उर्फ परी, उसकी बहन महक के तौर पर हुई थी। वहीं, उनकी सहेली अमरोहा के थाना डिडौली के गांव जोया की रहने वाली हिना और गांव भवालपुर के रहने वाले जर्रार को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया था।
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने कबूल किया है कि वे सोशल मीडिया पर पैसे कमाने और फॉलोअर्स बढ़ाने के लिए आपत्तिजनक कंटेंट पब्लिश करते थे। आरोपियों ने भरोसा दिया है कि वे भविष्य में ऐसा काम नहीं करेंगे। पुलिस ने आरोपियों को कोर्ट में पेश किया था, जहां से उनको जमानत मिल गई है। सोशल मीडिया पर महक परी के नाम से अकाउंट बनाया गया था।
इस आईडी के जरिए दोनों बहनें अपने साथियों के साथ मिलकर अश्लील रील्स बनाती थीं। इसके बाद इनको अलग-अलग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के जरिए शेयर किया जाता था। रविवार को मामला सामने आने के बाद आरोपियों की तलाश शुरू की गई थी।
संभल : सोशल मीडिया पर अश्लील रील बनाकर वायरल होने वाली महक परी गिरफ्तार,
संभल की ये 2 युवतियां अश्लील वीडियो वायरल कर आई थी चर्चा में , गंदी हरकत और गाली गलौज कर वीडियो बनाती थी,
लोग लगातार कर रहे थे इनकी शिकायत , शिकायतों का लिया संभल पुलिस ने संज्ञां#noida #mehakpari… pic.twitter.com/6wzSHy9JR0
— Mahender Mahi (@MahendrMahii) July 15, 2025
सूत्रों के मुताबिक आरोपी बहनें ज्यादा पढ़ी-लिखी नहीं हैं। कुछ ही समय पहले दोनों ने सोशल मीडिया पर आईडी बनाई थी। जब इनके वीडियो सामने आने लगे थे तो गांव के लोगों ने विरोध करना शुरू कर दिया था। पुलिस ने सभी आरोपियों को सोमवार को अरेस्ट किया था। मंसूरपुर माफी पुलिस चौकी के प्रभारी मोहित चौधरी को शहबाजपुर कलां गांव में भीड़ दिखी थी।
मौके पर पहुंचे तो गांव के लोगों ने बताया कि महक परी के नाम से अश्लील कंटेंट बनाकर सोशल मीडिया पर डाला जा रहा है। इससे महिलाएं भी परेशान है। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एक्शन लिया था। पुलिस के मुताबिक आरोपियों के सोशल मीडिया अकाउंट्स खंगाले जा रहे हैं।