Site icon Dainik Savera Times

J&K: कश्मीर घाटी में कड़ाके की ठंड, तापमान जीरो डिग्री से नीचे… पर्यटक ले रहे मजा

Severe cold in Kashmir valley

Severe cold in Kashmir valley

श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर की कश्मीर घाटी में इन दिनों कड़ाके की ठंड पड़ रही है। पूरे इलाके में तापमान जीरो डिग्री से नीचे चला गया है और ठंडी हवाएं चल रही हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, श्रीनगर में न्यूनतम तापमान माइनस 2.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा।

ठंडे मौसम का आनंद लेने घाटी पहुंच रहे पर्यटक 

तापमान गिरने के कारण सुबह के समय कोहरा छाया रहता है। डल झील के आसपास के इलाकों में कोहरे के खूबसूरत नजारे देखने को मिल रहे हैं। स्थानीय लोग ठंड से बचने के लिए लकड़ी जलाते दिखाई देते हैं, वहीं कई लोग ठंड के बावजूद सुबह की सैर और जॉगिंग करते नजर आते हैं। पर्यटक भी इस शांत माहौल और ठंडे मौसम का आनंद लेने घाटी पहुंच रहे हैं।

तापमान जीरो से नीचे

घाटी के अन्य इलाकों में भी तापमान जीरो से नीचे बना हुआ है। पहलगाम में माइनस 2.8 डिग्री, काजीगुंड में माइनस 1.6 डिग्री और कुपवाड़ा में माइनस 2.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। वहीं गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान 1.6 डिग्री और कुकरनाग में 0.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जो जीरो से थोड़ा ऊपर है। इन इलाकों में दिन का अधिकतम तापमान 8 से 14 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है।

ठंड जरूर है, लेकिन मजेदार भी लगती है: स्थानीय निवासी

ठंड के चलते लोग बाहर निकलते समय गर्म कपड़े पहन रहे हैं, लेकिन इसका आम जीवन पर कोई खास असर नहीं पड़ा है। एक स्थानीय निवासी ने बताया कि यहां ठंड जरूर है, लेकिन यह मजेदार भी लगती है और इससे आम लोगों को कोई परेशानी नहीं होती। उन्होंने लोगों को ठंड से डरने के बजाय सक्रिय रहने की सलाह दी और कहा कि रोज सुबह दौड़ लगाने से शरीर फिट और स्वस्थ रहता है, चाहे मौसम कैसा भी हो।

पर्यटन कश्मीर की पहचान

पर्यटकों को लेकर उन्होंने कहा कि पर्यटन कश्मीर की पहचान है और यह खुशी की बात है कि लोग सर्दियों में भी यहां आ रहे हैं। उनके अनुसार, जो लोग कश्मीर की सर्दी का मजा ले लेते हैं, वे गर्मियों को भी भूल जाते हैं और यहां आने वाले हर मेहमान का दिल से स्वागत किया जाता है।

Exit mobile version