मुंबई: राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के प्रमुख शरद पवार की सेहत में अब सुधार है। उन्हें शनिवार को मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। वह पिछले तीन दिनों से अस्पताल में भर्ती थे। उन्हें सीने और सांस से जुड़ा संक्रमण होने के कारण इलाज के लिए भर्ती कराया गया था। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद शरद पवार अपने घर पहुंच गए हैं, जो ब्रीच कैंडी अस्पताल के पास ही स्थित है।
85 वर्षीय शरद पवार की तबीयत खराब होने की खबर सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई थी। इस दौरान कई बड़े नेताओं और उद्योगपतियों ने अस्पताल पहुंचकर उनसे मुलाकात की और उनका हालचाल जाना।
पहले पुणे के अस्पताल में हुए थे भर्ती
शरद पवार को 2 नवंबर को पुणे के रूबी हॉल क्लीनिक में भर्ती कराया गया था। वहां इलाज के बाद 4 नवंबर को उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी। हालांकि, इसके बाद उन्हें मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। मुंबई के अस्पताल में डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चला। यहां तीन दिन तक उनका उपचार किया गया। स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद शनिवार को डॉक्टरों ने उन्हें घर जाने की अनुमति दे दी।
कई बड़े नेताओं ने अस्पताल पहुंचकर जाना हालचाल
शरद पवार के अस्पताल में भर्ती होने की खबर के बाद उनसे मिलने के लिए कई राजनीतिक और कारोबारी हस्तियां पहुंचीं। शुक्रवार रात कांग्रेस नेता और महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री सुशील कुमार शिंदे, कांग्रेस नेता बालासाहेब थोराट और NCP नेता दिलीप वलसे-पाटिल ने उनसे मुलाकात की।
इसके अलावा उद्योगपति गौतम अडानी और NCP नेता प्रफुल्ल पटेल भी अस्पताल पहुंचे और शरद पवार का हालचाल जाना। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने भी अस्पताल जाकर उनसे मुलाकात की थी। शिंदे ने बताया था कि शरद पवार की तबीयत अब ठीक है और अगर सब कुछ सामान्य रहा तो उन्हें जल्द अस्पताल से छुट्टी मिल सकती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी शरद पवार के स्वास्थ्य की जानकारी ली थी। बताया गया कि प्रधानमंत्री ने फोन के जरिए उनका हालचाल जाना। इस दौरान व्यक्तिगत रिश्तों को राजनीतिक मुद्दों से अलग रखने की बात भी सामने आई।
NCP के विलय की चर्चाओं के बीच प्रफुल्ल पटेल की मुलाकात
शरद पवार की अस्पताल में भर्ती होने की खबर के साथ ही महाराष्ट्र की राजनीति में NCP के दोनों गुटों के विलय को लेकर भी चर्चा तेज हो गई थी। दरअसल, एक दिन पहले खबर सामने आई थी कि सुनील तटकरे और प्रफुल्ल पटेल के नेतृत्व वाला NCP अजित पवार गुट (NCP-AP) दोनों गुटों के विलय के पक्ष में है। वहीं, ऐसी चर्चाएं भी थीं कि बीजेपी चाहती है कि शरद पवार के नेतृत्व वाला NCP-SP भी NDA में शामिल हो जाए।
हालांकि, इन राजनीतिक चर्चाओं के बीच सुनेत्रा पवार और पार्थ पवार की ओर से विलय का विरोध किए जाने की खबरें भी सामने आई थीं। गुरुवार शाम को जब प्रफुल्ल पटेल शरद पवार से मिलने ब्रीच कैंडी अस्पताल पहुंचे, तो उनकी इस मुलाकात को NCP के विलय की चर्चाओं से जोड़कर देखा जाने लगा।
हालांकि, महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने स्पष्ट किया था कि शरद पवार से मुलाकात के दौरान किसी भी राजनीतिक मुद्दे पर चर्चा नहीं हुई। उन्होंने कहा था कि उनका उद्देश्य सिर्फ शरद पवार की सेहत का हाल जानना था। फिलहाल शरद पवार को अस्पताल से छुट्टी मिल चुकी है और उनकी सेहत में सुधार बताया गया है। उनके घर लौटने से समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं ने राहत की सांस ली है।

