हिमाचल प्रदेश डेस्कः शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर 24 दिसंबर से शुरू हो रहे विंटर कार्निवल की तैयारियां नगर निगम ने पूरी कर ली हैं। इस बार कार्निवल में बॉलीवुड और पंजाबी संगीत के सितारे दर्शकों का मनोरंजन करेंगे। कार्निवल का उद्घाटन मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू बतौर मुख्य अतिथि करेंगे।
स्टार नाइट की खास झलक
कार्निवल की पहली संध्या पर मशहूर पंजाबी गायक रोहनप्रीत और गायिका पूजा पंडित शाम 7 बजे से रात 10 बजे तक प्रस्तुति देंगे। वे रेशमी रुमाल, दो गल्लां और 52 गज का दामन जैसे हिट गानों से शिमला की ठंड को पूरी तरह गरमा देंगे। 1 जनवरी 2026 को बॉलीवुड प्लेबैक सिंगर हेमा सरदेसाई और कॉमेडियन अब्राहिम कुरैशी दर्शकों को अपनी प्रस्तुति से मंत्रमुग्ध करेंगे।
कार्यक्रमों की रूपरेखा
दोपहर 3 बजे: मालरोड पर लगभग 200 महिलाओं की महानाटी
शाम 5:00 से 6:30 बजे: वॉयस ऑफ शिमला
रात 7 बजे: स्टार नाइट का शुभारंभ
संस्कृति और स्वाद का संगम
कार्निवल के दौरान दर्शकों को लोक संगीत और नृत्य, हिमाचली संस्कृति की झलक और स्थानीय व्यंजनों का स्वाद लेने का अवसर मिलेगा।
सुरक्षा और व्यवस्थाएं
महापौर सुरेंद्र चौहान और उपमहापौर उमा कौशल ने टाउन हॉल में एडीएम प्रोटोकॉल ज्योति राणा व पुलिस अधिकारियों के साथ सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बैठक की। इसमें आयुक्त भूपेंद्र अत्री और संयुक्त आयुक्त डॉ. भुवन शर्मा भी उपस्थित रहे।
रात 10 बजे तक चलेंगी टैक्सियां
विंटर कार्निवल के दौरान लोगों की सुविधा के लिए एचआरटीसी टैक्सियों को रात 10 बजे तक संजौली, नवबहार, मैहली, पंथाघाटी, न्यू शिमला, जाखू, भराड़ी और समरहिल तक चलाने की योजना है। एचआरटीसी के अनुसार, मांग के अनुसार सेवा बढ़ाई जाएगी।
किस दिन कौन कलाकार
24 दिसंबर: रोहनप्रीत, पूजा पंडित
25 दिसंबर: अरुण जस्टा, राजीव शर्मा
26 दिसंबर: राजेश त्यागी, पंकज ठाकुर
27 दिसंबर: रमा भारती, इंद्रजीत सिंह, राजीव राजा
28 दिसंबर: ईशान भारद्वाज, सुनील कुमार
29 दिसंबर: बीरबल, काकू राम, पारस, संचिता भारद्वाज, साहिल कुमार
30 दिसंबर: किशन वर्मा, कुमार साहिल, अंजलि नानक
31 दिसंबर: हन्नी नेगी, हारमनी ऑफ पाइन ग्रुप, गौरव
1 जनवरी 2026: हेमा सरदेसाई, अब्राहिम कुरैशी

