Site icon Dainik Savera Times

Comedian Kunal Kamra की बढ़ीं मुश्किलें, शिवसेना नेता ने EOW से की ये मांग

महाराष्ट्र डेस्क : महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे पर टिप्पणी करने के बाद से कॉमेडियन कुणाल कामरा की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। अब मुंबई पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (EOW) को उनके खिलाफ एक गंभीर शिकायत मिली है। यह शिकायत महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना के एक नेता ने की है, जिसमें कामरा को मिलने वाले धन के स्रोतों की जांच करने की मांग की गई है। आइए जानते है इस खबर को विस्तार से…

शिकायत की मुख्य बातें

दरअसल, शिवसेना शिंदे गुट ने EOW को लिखित शिकायत में कहा है कि कॉमेडियन कुणाल कामरा अपने वीडियो के जरिए विभिन्न देशों से धन प्राप्त कर रहे हैं। इस पैसे के स्रोत और इसकी प्रकृति की गहन जांच की जानी चाहिए। शिकायत में यह भी कहा गया है कि कामरा के इन वीडियो के माध्यम से वित्तीय लेन-देन में पारदर्शिता नहीं है, इसलिए जांच आवश्यक है।

विवादित बयान के कारण बढ़ी मुश्किलें…

आपको बता दें कि यह शिकायत उस समय आई है जब कुणाल कामरा हाल ही में अपने विवादित बयान के कारण चर्चाओं में हैं। कॉमेडियन ने एकनाथ शिंदे के खिलाफ अपनी एक टिप्पणी में विवाद उत्पन्न किया था, जिससे शिंदे गुट के समर्थकों में नाराजगी फैली। 23 मार्च को उनके शो ‘नया भारत’ का एक वीडियो सामने आया, जिसमें उनके बयान ने महाराष्ट्र में राजनीतिक हलचल मचाई। इस वीडियो के कारण शिंदे गुट के समर्थकों ने उस स्टूडियो में तोड़फोड़ की जहां यह वीडियो शूट किया गया था। इस घटना के बाद पुलिस ने 12 लोगों को गिरफ्तार किया, जिनमें शिवसेना कार्यकर्ता भी शामिल थे, हालांकि बाद में सभी को जमानत मिल गई।

कॉमेडियन कामरा का प्रतिक्रिया…

वहीं अब इस पूरे मामले को लेकर कुणाल कामरा ने अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि उन्होंने जो कुछ भी कहा, वह अपने पूरे होश-हवास में कहा था और अपने शब्दों के लिए जिम्मेदार हैं। उन्होंने यह भी कहा कि यह उनका व्यक्तिगत विचार था और इस पर किसी का नियंत्रण नहीं हो सकता। इसके अलावा, उन्होंने अपने स्टूडियो पर हुए हमले की भी आलोचना की और इसे अस्वीकार्य बताया। अब सवाल उठता है कि EOW इस शिकायत को कितनी गंभीरता से लेती है और इस जांच के दौरान कुणाल कामरा के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाती है। यह मामला राजनीतिक और कानूनी दोनों पहलुओं से जुड़ा हुआ है, जो आने वाले समय में और भी रोचक मोड़ ले सकता है।

Exit mobile version