Dainik Savera Times

श्याम बाबा मेरी नहीं सुनते… तोरण द्वार पर चढ़ गया युवक, हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद क्रेन से उतारा नीचे

Khatu Shyam Mandir : राजस्थान के प्रसिद्ध खाटू श्याम मंदिर में शुक्रवार देर रात एक अजीबोगरीब घटना ने सभी को चौंका दिया। चूरू जिले के 21 वर्षीय युवक विकास कुमार ने शराब के नशे में मंदिर के मुख्य तोरण द्वार पर चढ़कर हंगामा कर दिया।

दरअसल बता दें कि घटना रात के समय की है जब मंदिर परिसर में श्रद्धालु दर्शन के लिए मौजूद थे। अचानक लोगों की नजर एक युवक पर पड़ी, जो मंदिर के प्रवेश द्वार के ऊपरी हिस्से पर चढ़ा हुआ था और जोर-जोर से चिल्ला रहा था, “श्याम बाबा मेरी नहीं सुनते, मुझे उनसे बात करनी है!” युवक की पहचान चूरू जिले के सिधमुख थाना क्षेत्र के ढाणी बड़ी गांव निवासी विकास कुमार पुत्र सुरेश कुमार के रूप में हुई है, जो जाट समुदाय से है।

भीड़ में मची अफरा-तफरी

युवक की इस हरकत से वहां मौजूद श्रद्धालुओं में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। मंदिर प्रशासन ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने स्थिति को गंभीरता से लेते हुए क्रेन की मदद से युवक को नीचे उतारा।

पुलिस की समझदारी से टला बड़ा हादसा

थाना अधिकारी पवन कुमार चौबे ने जानकारी दी कि युवक नशे में पूरी तरह चूर था और उसका मानसिक संतुलन बिगड़ा हुआ लग रहा था। बता दें कि युवक को शांतिभंग की धारा 151 सहित अन्य धाराओं में गिरफ्तार किया गया है। अब उसे कोर्ट में पेश किया गया है। सौभाग्य से समय रहते कार्रवाई होने के कारण किसी बड़े हादसे की नौबत नहीं आई। हालांकि यह घटना यह सोचने पर मजबूर करती है कि आस्था और नशे का मेल कितना खतरनाक साबित हो सकता है।

Exit mobile version