Last Updated: September 23, 2026

Dainik Savera Times Logo

Big Breaking : चंडीगढ़ में फिर सुनाई दी सायरन की आवाज, संदिग्ध ड्रोन गतिविधि से हड़कंप, लोगों से घरों में रहने की अपील

May 9, 2025

Big Breaking : चंडीगढ़ में फिर सुनाई दी सायरन की आवाज, संदिग्ध ड्रोन गतिविधि से हड़कंप, लोगों से घरों में रहने की अपील

Chandigarh Drone Attack News : भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के बीच हालात लगातार गंभीर होते जा रहे हैं। पाकिस्तानी सेना की ओर से गुरुवार देर शाम से लेकर रात करीब 12 बजे तक भारत के विभिन्न इलाकों में मिसाइल और ड्रोन के जरिए हमले किए गए, जिन्हें भारतीय सुरक्षा बलों ने समय रहते विफल कर दिया। इन हमलों की संख्या 100 से अधिक बताई जा रही है।

चंडीगढ़ में सुबह-सुबह सायरन की गूंज

शुक्रवार सुबह करीब 9:30 बजे चंडीगढ़ में अचानक सायरन बजने लगे, जो लगभग 15 मिनट तक जारी रहे। प्रशासन की ओर से लोगों से घरों में ही रहने और सतर्क रहने की अपील की गई। बताया गया कि यह सायरन एक संदिग्ध फ्लाइंग ऑब्जेक्ट के दिखने के बाद एहतियातन बजाया गया, जिससे पूरे शहर में हड़कंप मच गया।

फ्लाइंग ऑब्जेक्ट देखे जाने के बाद सुरक्षा कड़ी

सूत्रों के अनुसार, चंडीगढ़ एयरफोर्स स्टेशन के पास एक अज्ञात उड़ता वस्तु (फ्लाइंग ऑब्जेक्ट) देखी गई, जिसे पाकिस्तान की ओर से संभावित ड्रोन हमला माना जा रहा है। इस खतरे को देखते हुए पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और वायुसेना व अन्य सुरक्षाबल हाई अलर्ट पर हैं।

भारतीय सेना का बयान: हर हमले को किया विफल

भारतीय सेना ने एक आधिकारिक बयान में कहा है कि पाकिस्तान द्वारा पश्चिमी सीमा पर ड्रोन व अन्य हथियारों से किए गए हमलों को पूरी तरह से नाकाम कर दिया गया है। सेना ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा कर बताया कि जम्मू-कश्मीर में नियंत्रण रेखा पर भी पाकिस्तान ने संघर्षविराम का उल्लंघन किया है, जिसका भारतीय सेना ने मुंहतोड़ जवाब दिया है।

नागरिकों से सतर्क रहने की अपील

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने आम जनता से अफवाहों से दूर रहने और केवल आधिकारिक सूचना पर ही भरोसा करने की अपील की है। चंडीगढ़ सहित अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा बलों की तैनाती और बढ़ा दी गई है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें