Last Updated: September 27, 2026

Dainik Savera Times Logo

हंसते-खेलते बच्चों की मुस्कान बनी आखिरी याद, अहमदाबाद प्लेन क्रैश में एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत

June 13, 2025

हंसते-खेलते बच्चों की मुस्कान बनी आखिरी याद, अहमदाबाद प्लेन क्रैश में एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत

नई दिल्ली: गुजरात के अहमदाबाद में गुरुवार को हुए विमान हादसे में राजस्थान के बांसवाड़ा जिले के एक ही परिवार के पांच लोगों की जान चली गई। यह परिवार एक नई जिंदगी की शुरुआत के लिए लंदन जा रहा था, लेकिन किस्मत ने कुछ और ही लिख रखा था।

पूरी तरह उजड़ गया एक परिवार
हादसे में डॉक्टर कोमी व्यास, उनके पति प्रतीक जोशी, और उनके तीन मासूम बच्चों की मौत हो गई। यह परिवार एयर इंडिया की लंदन जाने वाली फ्लाइट AI-171में सवार था। यह विमान अहमदाबाद एयरपोर्ट से उड़ान भरने के कुछ ही सेकंड बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया

आखिरी तस्वीर वायरल हो रही
इंटरनेट पर परिवार की आखिरी तस्वीर वायरल हो रही है, जिसमें सभी सदस्य खुश नजर आ रहे हैं। प्रतीक जोशी पहले से लंदन में रह रहे थे और अब वे अपना पूरा परिवार साथ ले जाने के लिए भारत आए थे। एयरपोर्ट पर उनके परिजन उन्हें विदा करने आए थे, किसी को क्या पता था कि यह अलविदा हमेशा के लिए हो जाएगा। यह हादसा सिर्फ एक दुर्घटना नहीं, बल्कि सैकड़ों सपनों का अंत है। कोमी व्यास और प्रतीक जोशी के तीनों बच्चे अब सिर्फ तस्वीरों में रह गए। यह हादसा न सिर्फ एक परिवार, बल्कि पूरे देश के लिए एक गहरी पीड़ा छोड़ गया है।

बांसवाड़ा कलेक्टर ने की पुष्टि
बांसवाड़ा कलेक्टर डॉ. इंद्रजीत सिंह यादव ने एक बातचीत में बताया कि “हादसे में बांसवाड़ा के डॉक्टर दंपति और उनके तीन बच्चों की मौत हुई है। पत्नी ने हाल ही में अपनी नौकरी छोड़ी थी। परिवार लंदन में बसने वाला था। हमने उनके परिवार वालों से मिलकर मुख्यमंत्री की तरफ से संवेदना व्यक्त की है।” उन्होंने कहा, “डीएनए टेस्ट में 72 घंटे का वक्त लग सकता है।”

विमान हादसे की जांच में DVR और ब्लैक बॉक्स मिले
गुजरात ATS ने हादसे वाली जगह से डीवीआर (Digital Video Recorder) बरामद किया है। साथ ही, ब्लैक बॉक्स भी मिल गया है। ये दोनों डिवाइसेस हादसे के कारणों को समझने में मदद करेंगे। विमान में कुल 242 लोग सवार थे, जिनमें से 241 की मौत हो चुकी है। इनमें 12 क्रू मेंबर भी शामिल थे। अहमदाबाद सिविल अस्पताल में मृतकों की पहचान के लिए डीएनए सैंपलिंग की जा रही है। अब तक 1000 से ज़्यादा सैंपल जांचे जा चुके हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें