नेशनल डेस्क : 19 जून 2025 को हैदराबाद से तिरुपति जा रही स्पाइसजेट की फ्लाइट SG 2696 को उड़ान के तुरंत बाद तकनीकी दिक्कत के चलते वापस हैदराबाद लौटना पड़ा। यह विमान हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट से रवाना हुआ था, लेकिन उड़ान भरने के बाद बैगेज डोर लाइट बार-बार जलने लगी, जो एक सुरक्षा संकेत होता है।हालांकि स्पाइसजेट ने स्पष्ट किया कि यह आपातकालीन लैंडिंग नहीं थी, बल्कि एहतियातन उठाया गया कदम था। पायलट ने स्थिति को गंभीरता से लेते हुए यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी और फ्लाइट को वापस हैदराबाद एयरपोर्ट ले आए, जहां विमान सुरक्षित तरीके से लैंड हुआ। आइए जानते है इस खबर को विस्तार से…
यात्रियों की सुरक्षा और वैकल्पिक विमान की व्यवस्था
वहीं प्लेन को सुरक्षित लैंड करन के बाद स्पाइसजेट ने एक आधिकारिक बयान में कहा, “केबिन में दबाव पूरे समय सामान्य रहा। पायलटों ने सतर्कता दिखाते हुए फ्लाइट को लौटाने का निर्णय लिया। सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं और उन्हें तिरुपति भेजने के लिए वैकल्पिक विमान की व्यवस्था की गई है।” स्पाइसजेट के अनुसार, जिस Q400 विमान से यह फ्लाइट संचालित हो रही थी, उसमें टेक-ऑफ के तुरंत बाद एएफटी बैगेज डोर लाइट में समस्या दिखी। यह कोई बड़ी तकनीकी खराबी नहीं थी, लेकिन एहतियात के तहत लैंडिंग का निर्णय लिया गया।
इंडिगो की दिल्ली-लेह फ्लाइट में भी तकनीकी गड़बड़ी
वहीं आज सुबह इससे पहले इंडिगो की फ्लाइट 6E 2006, जो दिल्ली से लेह जा रही थी, उसमें भी तकनीकी खराबी सामने आई थी। फ्लाइट ने सुबह 6:30 बजे दिल्ली से उड़ान भरी थी और इसे लेह के कुशोक बकुला रिमपोछे एयरपोर्ट पर लैंड करना था। लेकिन लेह पहुँचने से कुछ पहले तकनीकी खराबी की सूचना मिली। पायलट ने खतरे की आशंका को देखते हुए दिल्ली वापस लौटने का फैसला किया। इस विमान में 180 यात्री और चालक दल के सदस्य सवार थे। विमान को सुरक्षित रूप से दिल्ली एयरपोर्ट पर लैंड कराया गया और सभी यात्री सुरक्षित रहे।
सुरक्षा के लिए सतर्कता जरूरी
हाल ही में हुए ये दोनों घटनाक्रम यह दर्शाते हैं कि एयरलाइंस सुरक्षा को प्राथमिकता दे रही हैं। चाहे वह स्पाइसजेट हो या इंडिगो, तकनीकी संकेत मिलते ही पायलटों द्वारा तुरंत एक्शन लेना और यात्रियों को सुरक्षित रखना, एक जिम्मेदाराना कदम है। दोनों मामलों में किसी प्रकार की अनहोनी नहीं हुई, और यात्रियों को आगे की यात्रा के लिए वैकल्पिक समाधान दिए गए।

