Site icon Dainik Savera Times

Big Breaking: श्री दरबार साहिब को तीसरी बार मिली बम से उड़ाने की धमकी, अमृतसर में भारी पुलिस बल तैनात

पंजाब डेस्क: अमृतसर स्थित सर्वोच्च तीर्थस्थल श्री हरमंदिर साहिब को लगातार तीसरे दिन धमकी भरा ईमेल के जरिए धमकी मिली। जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया है। बीते 24 घंटों में यह तीसरी धमकी है, जिससे सुरक्षा व्यवस्था को और भी अधिक सतर्क कर दिया गया है। हालांकि, श्रद्धालुओं की आस्था में कोई कमी नहीं आई है सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं।

-ईमेल के जरिए दी गई धमकी

धमकी भरा तीसरा ईमेल आज सुबह प्रशासन को प्राप्त हुआ, जिसमें एक बार फिर दरबार साहिब को निशाना बनाए जाने की बात कही गई। इससे पहले 14
और 15 जुलाई को भी इसी तरह के दो ईमेल मिले थे। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए बीएसएफ की बम निरोधक टीम, पंजाब पुलिस और खुफिया एजेंसियां मिलकर हर कोण से जांच कर रही हैं।

-SGPC अध्यक्ष की प्रेस कॉन्फ्रेंस आज

शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) के अध्यक्ष हरजिंदर सिंह धामी आज इस संवेदनशील मुद्दे पर प्रेस को संबोधित करेंगे। SGPC प्रशासन ने धमकी देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है और कहा है कि ऐसे कृत्य धार्मिक स्थलों की गरिमा को ठेस पहुंचाने की साजिश हैं।

-श्रद्धालुओं में नहीं दिखा डर

जहां एक ओर प्रशासन अलर्ट मोड पर है, वहीं श्रद्धालुओं का हौंसला काबिले-तारीफ है। दरबार साहिब में दर्शन करने आए श्रद्धालुओं ने कहा कि उन्हें किसी बात का डर नहीं है। “हम यहां गुरू घर में हाजिरी लगाने आते हैं। हमारी श्रद्धा को कोई धमकी डिगा नहीं सकती,” एक श्रद्धालु ने कहा।

-सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम

दरबार साहिब परिसर में सीसीटीवी की निगरानी बढ़ाई गई है, साथ ही बम निरोधक दस्ते द्वारा परिसर की गहन जांच की जा रही है। प्रवेश द्वारों पर सुरक्षा बलों की अतिरिक्त तैनाती की गई है और हर आने-जाने वाले की जांच की जा रही है।

-कड़ी कार्रवाई की मांग

धमकी देने वाले तत्वों को जल्द पकड़ने के लिए साइबर सेल भी सक्रिय हो चुकी है। प्रशासन ने कहा है कि धर्मस्थलों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी साजिश को सफल नहीं होने दिया जाएगा।

Exit mobile version