Site icon Dainik Savera Times

Sudha Milk : इस राज्य में दूध पीना हुआ महंगा, सुधा दूध ने कीमतों में 3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी

नेशनल डेस्क : बिहार के लोगों को अब दूध के लिए ज्यादा खर्च करना पड़ेगा। सुधा दूध की कीमतों में 22 मई यानी आज से बढ़ोतरी की जा रही है। नए रेट लागू होने के बाद फुल क्रीम दूध की कीमत 65 रुपये प्रति लीटर हो गई है। सुधा डेयरी ने अपने विभिन्न प्रकार के दूध में 3 रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी करने का फैसला लिया है। यह बढ़ी हुई दरें 22 मई 2025 से राज्यभर में लागू कर दिया गया है। आइए जानते है इस खबर को विस्तार से…

बढ़ोतरी के पीछे क्या है वजह

हालांकि आधिकारिक बयान में स्पष्ट कारण नहीं बताया गया है, लेकिन माना जा रहा है कि दूध उत्पादन की लागत बढ़ने के चलते यह फैसला लिया गया है। पशुओं के चारे की कीमतों में वृद्धि, प्रोसेसिंग खर्च, ट्रांसपोर्टेशन और अन्य खर्चों के कारण दूध की कीमतों पर असर पड़ता है। साथ ही गर्मी के मौसम में दूध उत्पादन में कमी भी एक वजह मानी जा रही है।

सुधा दूध का बिहार में बड़ा नेटवर्क

सुधा दूध बिहार स्टेट मिल्क को-ऑपरेटिव फेडरेशन लिमिटेड (COMFED) के अंतर्गत आता है। यह ब्रांड बिहार के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में दूध और डेयरी उत्पादों की सबसे बड़ी आपूर्ति करता है। दूध की कीमत में यह बदलाव लाखों ग्राहकों को प्रभावित करेगा, खासकर उन परिवारों को जो रोजाना बड़ी मात्रा में दूध का उपयोग करते हैं।

उपभोक्ताओं के बजट पर असर

महंगाई के इस दौर में दूध जैसे आवश्यक उत्पाद की कीमत में बढ़ोतरी आम लोगों के घरेलू बजट को प्रभावित कर सकती है। खासकर मध्यमवर्गीय और निम्न आयवर्ग के उपभोक्ताओं के लिए यह वृद्धि चिंता का विषय बन सकती है। अब देखना होगा कि आने वाले दिनों में इस बढ़ोतरी को लेकर उपभोक्ता और बाजार का क्या रुख रहता है।

Exit mobile version