Dainik Savera Times

टी20 विश्व कप से पहले बड़ा झटका, ये स्टार बल्लेबाज हुआ सस्पेंड… मैच फिक्सिंग के आरोप

T20 World Cup This star batsman has suspended

खेल डेस्क: टी20 विश्व कप 2026 से ठीक पहले अमेरिकी क्रिकेट टीम को बड़ा झटका लगा है। टीम के स्टार बल्लेबाज आरोन जोन्स को आईसीसी ने तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। उन पर मैच फिक्सिंग और भ्रष्टाचार से जुड़े गंभीर आरोप लगाए गए हैं।

आईसीसी ने बुधवार को आधिकारिक बयान जारी कर बताया कि आरोन जोन्स को सभी तरह की क्रिकेट गतिविधियों से अस्थायी रूप से निलंबित किया गया है। उन पर कुल पांच गंभीर आरोप लगाए गए हैं, जो आईसीसी और क्रिकेट वेस्टइंडीज के एंटी-करप्शन कोड के उल्लंघन से जुड़े हैं। जोन्स को इन आरोपों पर अपना जवाब देने के लिए 14 दिन का समय दिया गया है।

किन मामलों में लगे हैं आरोप?
आईसीसी के अनुसार, तीन आरोप 2023-24 में खेले गए बारबाडोस आधारित BIM10 टी20 लीग से जुड़े हैं, दो आरोप उनके अंतरराष्ट्रीय मैचों से संबंधित हैं। इनमें एक बेहद गंभीर आरोप यह है कि आरोन जोन्स ने मैच के नतीजे या खेल के किसी अन्य पहलू को गलत तरीके से प्रभावित करने, या ऐसा करने की साजिश में शामिल होने की कोशिश की। आईसीसी ने साफ किया है कि यह जांच अभी जारी है और आगे चलकर अन्य खिलाड़ियों या संबंधित लोगों पर भी कार्रवाई हो सकती है। जांच पूरी होने तक आईसीसी इस मामले में और कोई टिप्पणी नहीं करेगा।

अमेरिका के लिए अहम खिलाड़ी रहे हैं जोन्स
31 वर्षीय आरोन जोन्स अमेरिका के लिए लंबे समय से अहम खिलाड़ी रहे हैं। उन्होंने 2019 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू किया था। अब तक जोन्स ने 52 वनडे मैच 48 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं और 95 पारियों में कुल 2434 रन बनाए हैं। वह 2024 टी20 विश्व कप में अमेरिका की उस टीम का हिस्सा थे, जिसने सुपर-8 तक का सफर तय किया था। पाकिस्तान के खिलाफ डलास में मिली ऐतिहासिक जीत में उन्होंने नाबाद 36 रन बनाकर अहम भूमिका निभाई थी।

विश्व कप से पहले अमेरिका को बड़ा नुकसान
टी20 विश्व कप 2026 की शुरुआत अगले हफ्ते होने वाली है। आरोन जोन्स हाल ही में अमेरिका के 18 खिलाड़ियों के ट्रेनिंग कैंप में शामिल थे और उन्हें उप-कप्तान बनाए जाने की भी चर्चा थी। हालांकि सस्पेंशन के बाद अब वह विश्व कप के लिए चयन के योग्य नहीं रह गए हैं। विश्व कप से ठीक पहले इस तरह का विवाद और एक अहम खिलाड़ी का बाहर होना अमेरिकी टीम की तैयारियों के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।

Exit mobile version