ढाका: बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) के कार्यवाहक अध्यक्ष और पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया के बेटे तारिक रहमान करीब 17 साल के निर्वासन के बाद गुरुवार को बांग्लादेश लौट आए। उनकी वापसी को बांग्लादेश की राजनीति में एक बड़ी और अहम घटना माना जा रहा है।
तारिक रहमान लंदन से बिमान बांग्लादेश एयरलाइंस की फ्लाइट से अपनी पत्नी जुबैदा रहमान और बेटी ज़ैमा रहमान के साथ ढाका पहुंचे। यह फ्लाइट पहले सिलहट में रुकी, उसके बाद ढाका के हज़रत शाहजलाल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरी।

ढाका की सड़कों पर भारी भीड़
उनकी वापसी की खबर मिलते ही ढाका की सड़कों पर भारी भीड़ जमा हो गई। हवाई अड्डे के आसपास और 300 फीट रोड (जिसे 36 जुलाई एक्सप्रेसवे भी कहा जाता है) पर BNP के हजारों नेता और कार्यकर्ता सुबह से ही इकट्ठा होने लगे। पूरा इलाका मानो समर्थकों के समुद्र में बदल गया। BNP ने अपने कार्यवाहक अध्यक्ष के स्वागत के लिए भव्य इंतज़ाम किए थे। पार्टी के वरिष्ठ नेता, जिनमें स्टैंडिंग कमेटी के सदस्य भी शामिल हैं, हवाई अड्डे पर तारिक रहमान का स्वागत करेंगे। इसके बाद एक संक्षिप्त स्वागत कार्यक्रम रखा गया है।
भीड़ को नियंत्रित करने और सुरक्षा बनाए रखने के लिए हवाई अड्डा प्रशासन ने 24 घंटे के लिए आम लोगों के प्रवेश पर रोक लगा दी। यह प्रतिबंध 24 दिसंबर शाम 6 बजे से 25 दिसंबर शाम 6 बजे तक लागू रहा। इस दौरान सिर्फ वैध टिकट और पासपोर्ट वाले यात्रियों को ही हवाई अड्डे में प्रवेश की अनुमति दी गई।
#WATCH | Dhaka | BNP (Bangladesh Nationalist Party) supporters gather at the reception venue in Purbachal, as the party’s acting chairman, Tarique Rahman, has landed in Bangladesh after being in exile in London for 17 years. pic.twitter.com/nfC8ifF0Ct
— ANI (@ANI) December 25, 2025
तारिक रहमान की सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम
बांग्लादेश की अंतरिम सरकार ने भी तारिक रहमान की सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए हैं। सरकार के मुख्य सलाहकार के प्रेस सचिव शफीकुल आलम ने कहा कि सरकार ने उनकी वापसी का स्वागत किया है और BNP के साथ मिलकर सभी सुरक्षा तैयारियों को पूरा किया जा रहा है। ढाका पहुंचने के बाद तारिक रहमान 300 फीट रोड पर आयोजित एक छोटे कार्यक्रम में शामिल होंगे, जहां वे संक्षिप्त भाषण भी देंगे।
इसके बाद वे एवरकेयर अस्पताल जाएंगे और फिर गुलशन एवेन्यू स्थित अपने घर लौटेंगे। इसके अलावा, तारिक रहमान 27 दिसंबर को मतदाता के रूप में अपना पंजीकरण भी कराएंगे। इसके लिए चुनाव कार्यालय शनिवार को खुले रहेंगे, ताकि वे नेशनल आइडेंटिटी कार्ड (NID) से जुड़ी सभी औपचारिकताएं पूरी कर सकें।
तारिक की वापसी बांग्लादेश की राजनीति के लिए एक नया मोड़
इस बीच, 12 फरवरी को होने वाले संसदीय चुनाव के लिए बोगुरा जिले से पहले ही खालिदा जिया और तारिक रहमान के नामांकन पत्र जमा किए जा चुके हैं। खालिदा जिया का नामांकन बोगुरा-7 सीट से और तारिक रहमान का नामांकन बोगुरा-6 सीट से दाखिल किया गया है। 17 साल बाद तारिक रहमान की यह घर वापसी न सिर्फ BNP के लिए बल्कि पूरे बांग्लादेश की राजनीति के लिए एक नया मोड़ मानी जा रही है।