Last Updated: October 2, 2026

Dainik Savera Times Logo

पानीपत में टीचर की क्रूरता, होमवर्क न करने पर बच्चे को दी रूह कंपाने वाली सजा

September 29, 2025

पानीपत में टीचर की क्रूरता, होमवर्क न करने पर बच्चे को दी रूह कंपाने वाली सजा

हरियाणा डेस्क. पानीपत के जाटल रोड स्थित सृजन पब्लिक स्कूल से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां बच्चे के पैर खिड़की से बांधकर उसे उल्टा लटकाया गया। 7 साल का बच्चा रो-रोकर रहम की भीख मांग रहा था। दरअसल बच्चे ने स्कूल का काम नहीं किया था, जिस कारण उसे इतनी कठोर सजा दी गई।

बच्चे को पहले स्कूल के वैन चालक से पिटवाया गया और फिर पैर खिड़की से बांधकर उसे उल्टा लटकाया गया। वैन चालक ने टीचर के कहने पर ही उसे थप्पड़ मारे और उल्टा लटकाया। फिर उसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। वैन चालक ने दो वीडियो अपलोड किए, जहां एक वीडियो में एक मासूम छात्र को होमवर्क न करने पर रस्सी से खिड़की से उल्टा लटकाकर पीटा गया। वहीं दूसरे वीडियो में स्कूल की प्रिंसिपल छोटे बच्चों को अन्य छात्रों के सामने बेरहमी से थप्पड़ मारती नजर आ रही हैं, जब ये वीडियो बच्चों के पेरेंट्स के पास पहुंचे तो उन्होंने स्कूल में आकर हंगामा किया।

प्रिंसिपल ने दी प्रतिक्रिया

एक वीडियो में प्रिंसिपल रीना खुद छोटे बच्चों थप्पड़ मार रही थी। इस पर प्रिंसिपल ने सफाई देते हुए कहा कि उन्होंने जिन छात्रों को पीटा था, उन्होंने दो सगी बहनों के साथ कुछ ‘बुरा बर्ताव’ किया था। प्रिंसिपल ने दावा किया कि उन्होंने बच्चों को ‘ठीक रास्ते पर लाने’ के लिए यह कदम उठाया और ऐसा करने से पहले उन्होंने बच्चों के परिवार वालों को भी सूचित कर दिया था। हालांकि, बच्चों को सार्वजनिक रूप से थप्पड़ मारने की यह कार्रवाई शिक्षा मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के पूर्णतः विपरीत है। यह भी आरोप लगा है कि कुछ बच्चों को सजा के तौर पर टॉयलेट साफ करने के लिए भी मजबूर किया गया था।

जब मां डोली ने इंस्टाग्राम पर अपने बेटे को उल्टा लटकाए जाने का भयावह वीडियो देखा तो उन्होंने तुरंत अपने पति को फोन किया और परिवार स्कूल पहुंचा। प्रिंसिपल ने शुरू में इस वीडियो के बारे में ‘ज्यादा जानकारी न होने’ की बात कही, लेकिन बाद में माना कि 13 अगस्त को उनका बेटे को काम न करने के कारण ड्राइवर अजय को डांटने के लिए कहा गया था।

जब परिवार और प्रिंसिपल आरोपी ड्राइवर अजय के घर पहुंचे, तो अजय वहां नहीं था। प्रिंसिपल रीना ने बताया कि ड्राइवर का बच्चों के प्रति व्यवहार ठीक नहीं था और कई शिकायतों के बाद उसे अगस्त में ही नौकरी से निकाल दिया गया था। उन्होंने ये भी दावा किया कि वह पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है। पीड़ित बच्चे के परिवार ने मॉडल टाउन थाने में शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर तत्काल कार्रवाई कर आरोपी ड्राइवर अजय के खिलाफ धारा 115, 127(2), 351(2) और जुवेनाइल जस्टिस एक्ट, 2015 की धारा 75 के तहत गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें