Last Updated: November 17, 2026

Dainik Savera Times Logo

इंग्लैंड दौरे पर टीम इंडिया को मिल सकता है नया कप्तान और उपकप्तान, कोहली के भविष्य पर सस्पेंस बरकरार

May 11, 2025

इंग्लैंड दौरे पर टीम इंडिया को मिल सकता है नया कप्तान और उपकप्तान, कोहली के भविष्य पर सस्पेंस बरकरार

Team India get new captain : टीम इंडिया में एक बड़ा बदलाव होने की संभावना है। रोहित शर्मा के संभावित टेस्ट संन्यास के बाद भारतीय टेस्ट टीम की कमान किसी युवा खिलाड़ी को सौंपी जा सकती है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इंग्लैंड दौरे के लिए बीसीसीआई शुभमन गिल को कप्तानी की जिम्मेदारी सौंपने पर गंभीरता से विचार कर रहा है, वहीं विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत उपकप्तान बनाए जा सकते हैं।

तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की फिटनेस को लेकर लगातार अनिश्चितता बनी हुई है। ऐसे में चयनकर्ता उन्हें उप-कप्तानी की जिम्मेदारी देने के पक्ष में नहीं हैं। बीसीसीआई के एक वरिष्ठ अधिकारी ने पीटीआई को बताया, “अगर बुमराह कप्तान नहीं हैं, तो उन्हें उपकप्तान बनाने का भी कोई औचित्य नहीं है।”

विदेश में पंत का दमदार प्रदर्शन

ऋषभ पंत ने विदेशी सरजमीं पर टेस्ट क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन किया है। ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका जैसे मुश्किल हालातों में उन्होंने 42 से ज्यादा की औसत से रन बनाए हैं। साथ ही, वे सात बार 90 और 99 के बीच के स्कोर तक पहुंचे हैं, जिससे उनके नाम की उपकप्तानी के लिए प्रबल दावेदारी बनती है।

कोहली के भविष्य पर अब भी सस्पेंस

विराट कोहली के संभावित टेस्ट संन्यास की अटकलें भी इन दिनों जोरों पर हैं। खबर थी कि चयन समिति उन्हें एक बार फिर टेस्ट टीम की कमान सौंप सकती है, ताकि शुभमन गिल को कप्तानी के लिए थोड़ा और वक्त मिल सके। हालांकि, कोहली की ओर से अब तक इस विषय पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। बीसीसीआई ने भी कोहली और बोर्ड के बीच हुई किसी चर्चा की पुष्टि नहीं की है।

जब पीटीआई ने चयन समिति के अध्यक्ष अजीत अगरकर और बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया से संपर्क किया, तो उन्होंने इस मसले पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।

गिल हैं पहली पसंद

सूत्रों के अनुसार, इस समय चयनकर्ताओं की पहली पसंद शुभमन गिल बने हुए हैं। केएल राहुल को इस रेस से बाहर रखा गया है। राहुल का टेस्ट औसत 11 वर्षों में 50 टेस्ट मैचों में 35 से कम रहा है, जिससे उनके खिलाफ माहौल बनता है।

बीसीसीआई इंग्लैंड दौरे के लिए टेस्ट टीम की घोषणा मई के तीसरे सप्ताह के अंत तक कर सकता है, जबकि भारत ए टीम की घोषणा अगले सप्ताह की शुरुआत में होने की उम्मीद है। यदि योजना के मुताबिक सब कुछ आगे बढ़ा, तो भारत टेस्ट क्रिकेट में एक नई कप्तानी युग की शुरुआत कर सकता है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें