Site icon Dainik Savera Times

भारी मतदान से खुश हुए तेजस्वी यादव, बोले- बिहार ने कमाल कर दिया, हर वोट से बदलेगा भविष्य

नेशनल डेस्क: बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में मंगलवार को जबरदस्त मतदान हुआ। इस पर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता और महागठबंधन के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार तेजस्वी यादव ने खुशी जताई है। उन्होंने कहा कि बिहार के लोगों ने इस बार वाकई “कमाल कर दिया”।

मेरा दिल खुशी से भर गया- तेजस्वी यादव

तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पहले ट्विटर) पर लिखा, “मेरा दिल खुशी से भर गया है। हर जगह से भारी मतदान की खबरें आ रही हैं। बुजुर्ग, महिलाएं, युवा, व्यापारी और किसान – हर कोई लोकतंत्र के इस महापर्व में पूरे उत्साह से हिस्सा ले रहा है। यह जोश बना रहे, ये कदम न रुकें।” तेजस्वी ने लोगों से अपील की कि वे घरों से निकलकर मतदान जरूर करें। उन्होंने कहा, “मैं हाथ जोड़कर सभी बिहारवासियों से कहता हूं कि वोट डालने जरूर जाएं। आपकी उंगली पर लगी नीली स्याही ही आपके भविष्य को सुनहरा बनाएगी।”

उन्होंने मतदाताओं को याद दिलाया कि हर वोट बहुत कीमती है, क्योंकि यही वोट तय करेगा कि आने वाले पांच सालों में बिहार की दिशा कैसी होगी। तेजस्वी ने कहा, “आप जो बटन दबाएंगे, वही तय करेगा कि आने वाले सालों में आपकी सुरक्षा, समृद्धि, शांति और भविष्य कैसा होगा।” उन्होंने कहा, “इसलिए बाहर निकलें और अपने बिहार के लिए सही सरकार चुनें। जय हिंद, जय बिहार।”

 

मतदान के आंकड़े

चुनाव आयोग के अनुसार, मंगलवार दोपहर 3 बजे तक 60.40% मतदान दर्ज किया गया। सबसे ज़्यादा वोटिंग किशनगंज में हुई, 66.10%, जबकि पूर्णिया में 64.22%, कटिहार में 63.80%, और जमुई में 63.33% मतदान हुआ। अन्य जिलों में भी वोटिंग का उत्साह दिखा। इनमें बांका में 63.03%, गया में 62.74%, कैमूर (भभुआ) में 62.26%, पश्चिम चंपारण में 61.99%, सुपौल में 62.06%, नवादा में 53.17% और मधुबनी में 55.33%। प्रमुख विधानसभा सीटों पर भी अच्छे आंकड़े रहे। धमदाहा में 64.66%, मोहनिया में 63.70%, चैनपुर में 62.72%, हरसिद्धि में 60.64, झंझारपुर में 51.89% और गया टाउन में 52.30%।

दूसरे चरण में किस्मत आजमा रहे मंत्री

दूसरे चरण के चुनाव में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की कैबिनेट के 12 मंत्री मैदान में हैं। इनमें शामिल हैं, जदयू से विजेंद्र यादव (सुपौल), लेसी सिंह (धमदाहा), जयंत कुशवाहा (अमरपुर), सुमित सिंह (चकाई), मोहम्मद जमा खान (चैनपुर), शीला मंडल (फुलपरास) भाजपा से प्रेम कुमार (गया), रेणु देवी (बेतिया), विजय कुमार मंडल (सिकटी), नीतीश मिश्रा (झंझारपुर), नीरज बबलू (छातापुर), कृष्णनंदन पासवान (हरसिद्धि)।

14 नवंबर को नतीजे 

बिहार के पहले चरण के मतदान में पहले ही रिकॉर्ड 65.08% वोटिं हुई थी, जो राज्य के इतिहास में सबसे अधिक है। अब दूसरे चरण के मतदान के बाद सभी की निगाहें 14 नवंबर पर हैं, जब मतगणना होगी और यह तय होगा कि बिहार की सत्ता किसके हाथ में जाएगी।

Exit mobile version