Last Updated: September 20, 2026

Dainik Savera Times Logo

Telangana: केमिकल फैक्ट्री में विस्फोट से 10 लोगों की मौत, पीएम मोदी ने जताया दुख… राहत राशि का किया ऐलान

June 30, 2025

Telangana: केमिकल फैक्ट्री में विस्फोट से 10 लोगों की मौत, पीएम मोदी ने जताया दुख… राहत राशि का किया ऐलान

नेशनल डेस्क: तेलंगाना के संगारेड्डी जिले के पसामैलारम इलाके में सोमवार सुबह एक केमिकल फैक्ट्री में जोरदार विस्फोट हो गया। इस हादसे में कम से कम 8 लोगों की मौत हो गई और 26 लोग घायल हो गए हैं। मरने वालों में कुछ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कुछ ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

150 कर्मचारी कर रहे थे काम 
यह हादसा सिगाची फार्मा नामक फैक्ट्री में हुआ, जो केमिकल उत्पादन करती है। पुलिस के मुताबिक यह घटना सुबह 8:15 से 9:35 बजे के बीच घटी। फैक्ट्री में उस समय करीब 150 कर्मचारी काम कर रहे थे, जिनमें से 90 कर्मचारी उस जगह पर मौजूद थे जहां विस्फोट हुआ।

जैसे ही विस्फोट की जानकारी मिली, पुलिस और बचाव दल 20 मिनट के अंदर मौके पर पहुंच गए। एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और 10 दमकल गाड़ियों की मदद से आग बुझाने और घायलों को अस्पताल पहुंचाने का काम शुरू हुआ। अब भी आग बुझाने और राहत कार्य जारी है। मल्टी जोन II के पुलिस महानिरीक्षक वी. सत्यनारायण ने बताया कि अभी तक 6 शव फैक्ट्री से निकाले गए हैं, जबकि 2 लोगों की मौत अस्पताल में हुई। कुछ घायलों की हालत नाजुक है और उनका इलाज चल रहा है।

राहत राशि का ऐलान 
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस हादसे पर दुख जताया और पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि घायलों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। प्रधानमंत्री ने यह भी घोषणा की कि प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से हर मृतक के परिवार को 2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपये की राशि दी जाएगी। प्रधानमंत्री कार्यालय ने सोशल मीडिया पर यह जानकारी साझा की और सभी प्रभावित परिवारों को समर्थन देने की बात कही।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें