Site icon Dainik Savera Times

‘आतंकवादी इस्लाम के नाम पर कलंक, सख्त कदम उठाए सरकार’, पहलगाम हमले पर बोले मौलाना रिजवी

नेशनल डेस्क: ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना शहाबुद्दीन रिजवी बरेलवी ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले की कड़े शब्दों में निंदा की है। मौलाना शहाबुद्दीन रिजवी ने मीडिया से बात करते हुए पहलगाम में निहत्थे पर्यटकों पर हुए आतंकी हमले पर कहा कि पहलगाम में हुई आतंकवादी घटना बहुत ही अफसोसजनक है। इसकी जितनी भी कड़े शब्दों में निंदा की जाए, वह कम है। इस्लाम और मुसलमानों के नाम पर जिस तरीके से आतंकवादी संगठन बने हुए हैं, चाहे अलकायदा हो या कोई अन्य, यह सभी इस्लाम को बदनाम करने के लिए हैं।

पहलगाम की आतंकी घटना कायराना 
मौलाना ने आगे कहा कि पहलगाम की आतंकी घटना जालिमाना और कायराना है। इस घटना के पीछे पाकिस्तान का हाथ है। पाकिस्तान में आतंकवादियों को संरक्षण दिया जाता है, वहां सरपरस्ती की जाती है। पाक में हाफिज सईद जैसे आतंकवादियों की सरपरस्ती की गई। यही वजह है कि आए दिन देश के लोगों को परेशान करने के लिए हिंदुस्तान में इस तरह की घटनाएं की जाती हैं। उन्होंने कहा कि तमाम जितने भी आतंकी संगठन हैं, वे इस्लाम को बदनाम कर रहे हैं और इस बड़ी घटना के पीछे पाकिस्तान का हाथ है। उन्होंने कहा कि मैं भारत सरकार से मांग करता हूं कि इस मामले को यूएनओ में उठाए, ताकि वहां पर पाकिस्तान का आतंकवादी चेहरा बेनकाब हो।

आतंकवादी इस्लाम के नाम पर कलंक
मौलाना ने आगे कहा कि आतंकवाद का कोई धर्म नहीं होता। इस्लाम हिंसा नहीं सिखाता। कुरान शरीफ में कहा गया है कि किसी एक बेगुनाह व्यक्ति की हत्या करना समस्त मानवता की हत्या के समान है। पैगंबर-ए-इस्लाम ने अमन, शांति और भाईचारे की शिक्षा दी। आतंकवादी इस्लाम के नाम पर कलंक हैं और पूरी दुनिया में इस्लाम को बदनाम कर रहे हैं। मौलाना ने आगे कहा कि पाकिस्तान के कब्जे में जो कश्मीर है, एक दिन वहां पर तिरंगा जरूर लहराएगा। वो दिन बहुत जल्द आने वाला है, जिस दिन पाकिस्तान का कश्मीर हिंदुस्तान के जरिए कंट्रोल में होगा और वहां पर भारत की हुकूमत होगी।

Exit mobile version