Site icon Dainik Savera Times

‘दिल्ली को फतह कर गजवा-ए-हिंद पूरा करेंगे’, लश्कर आतंकी अब्दुल रऊफ ने भारत के खिलाफ उगला जहर 

Lashkar terrorist Abdul Rauf

Lashkar terrorist Abdul Rauf

नई दिल्ली: लश्कर-ए-तैयबा के आतंकी और हाफिज सईद के करीबी अब्दुल रऊफ ने एक बार फिर भारत के खिलाफ जहरीला और भड़काऊ बयान दिया है। कैमरे के सामने उसने कश्मीर और भारत को लेकर धमकी भरे शब्द कहे। रऊफ ने कहा कि कश्मीर की लड़ाई खत्म नहीं हुई है और आने वाले समय में यह और तेज होगी।

‘दिल्ली को फतह कर गजवा-ए-हिंद पूरा करेंगे’

अपने बयान में रऊफ ने यह भी दावा किया कि भारत अगले 50 साल तक उन पर हमला करने की हिम्मत नहीं करेगा। उसने कहा कि लश्कर के नेता अमीर मक्की के कहने का हवाला देते हुए वे दिल्ली को “फतह” करेंगे और ‘गजवा-ए-हिंद’ पूरा करेंगे। उसने छह महीने पहले भारत को हराने जैसे झूठे और भ्रामक दावे भी किए।

भारत की सैन्य ताकत पर आपत्तिजनक टिप्पणी की

रऊफ ने भारत की सैन्य ताकत पर भी आपत्तिजनक टिप्पणी की। उसने कहा कि राफेल लड़ाकू विमान, एस-400 मिसाइल सिस्टम और ड्रोन जैसी आधुनिक तकनीक उनके सामने कुछ नहीं है। उसने यह भी दावा किया कि भारतीय वायुसेना उनकी एयरस्पेस में घुसने की हिम्मत नहीं करेगी और 58 इस्लामिक देशों में वही असली परमाणु ताकत हैं। इन बयानों से आतंकी संगठन की कट्टर और हिंसक सोच साफ नजर आती है।

गौर करने वाली बात यह है कि जब भारत ने ऑपरेशन सिंदूर चलाया था, तब पाकिस्तानी सेना ने इसी आतंकी रऊफ को ‘मासूम पाकिस्तानी’ बताया था। अब वही व्यक्ति खुलेआम भारत के खिलाफ जहर उगलता दिखाई दे रहा है।

मारे गए आतंकियों के लिए पढ़ी थी नमाज 

बताया गया है कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान रऊफ ने पाकिस्तान के मुरीदके स्थित मरकज-ए-तैयबा में नमाज पढ़ी थी। यह नमाज उन आतंकियों के लिए पढ़ी गई थी जो आतंकी ठिकाने पर मारे गए थे। इस दौरान पाकिस्तानी सेना के अधिकारी भी वहां मौजूद थे। यह पूरा मामला एक बार फिर पाकिस्तान और आतंकियों के रिश्तों पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

Exit mobile version