Last Updated: October 24, 2026

Dainik Savera Times Logo

‘कुंभ हादसे में हुई हजारों की मौत’, सरकार छुपा रही हकीकत… महाकुंभ में अव्यवस्था पर सपा सांसद का बड़ा आरोप

February 11, 2025

‘कुंभ हादसे में हुई हजारों की मौत’, सरकार छुपा रही हकीकत… महाकुंभ में अव्यवस्था पर सपा सांसद का बड़ा आरोप

नेशनल डेस्क : उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में आयोजित महाकुंभ में लाखों नहीं करोड़ों की संख्या में भक्त आ रहे हैं। प्रयागराज महाकुंभ में इस बार फिर लाखों श्रद्धालु त्रिवेणी घाटों पर आस्था की डुबकी लगाने पहुंचे हैं। माघ पूर्णिमा से पहले ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी हुई है। इन श्रद्धालुओं में से कुछ किलोमीटर तक जाम में फंसे हुए हैं, और कई लोग घंटों पैदल चलकर प्रयागराज तक पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं। इस दृश्य के बाद विपक्षी दल उत्तर प्रदेश सरकार और प्रयागराज प्रशासन पर अव्यवस्था के आरोप लगा रहे हैं। आइए जानते है इस खबर को विस्तार से…

अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर उठाए सवाल

दरअसल, समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर महाकुंभ के दौरान आई अव्यवस्था के वीडियो पोस्ट किए। उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश सरकार ने कुंभ के आयोजन के लिए जो भरोसा दिया था, वह पूरा नहीं हुआ। अखिलेश यादव ने पूछा, “अगर सरकार कुंभ के आयोजन में इंतजाम नहीं कर सकती थी तो लोगों को इस आयोजन में आने और अच्छे इंतजाम का भरोसा क्यों दिया गया?” उन्होंने यह भी कहा कि लोग घंटों पैदल चलकर प्रयागराज जा रहे हैं और जाम में फंसे हुए हैं।

अवधेश प्रसाद का आरोप

वहीं समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद ने भी योगी सरकार पर हमला किया। उन्होंने कहा कि सरकार ने महाकुंभ के आयोजन के लिए करोड़ों रुपये का बजट रखा था, लेकिन वहां अव्यवस्थाएं ही दिखाई दे रही हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि इस बजट का क्या हुआ? अवधेश प्रसाद ने महाकुंभ में मौनी अमावस्या के दिन हुई भगदड़ का जिक्र किया, जिसमें उन्होंने दावा किया कि हजारों लोग मारे गए थे, जबकि सरकार केवल 30 लोगों की मौत का दावा कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार इस हादसे की वास्तविक जानकारी छुपा रही है।

बीजेपी का जवाब

हालांकि, बीजेपी सांसद दिनेश शर्मा ने विपक्षी दलों के आरोपों का जवाब देते हुए कहा कि विपक्षी दल सनातन धर्म को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार और प्रयागराज प्रशासन हर संभव प्रयास कर रहे हैं ताकि लोगों को परेशानी न हो। दिनेश शर्मा ने कहा, “हम लोगों से अपील कर रहे हैं कि वे एक साथ प्रयागराज पहुंचने की कोशिश न करें। महाकुंभ में अब भी 15 दिन का समय बाकी है, लोग बाद में भी आ सकते हैं।”

उन्होंने आगे कहा कि विपक्ष सिर्फ राजनीति कर रहा है और यह नहीं देख रहा कि करोड़ों लोग पहले ही कुंभ में स्नान कर चुके हैं और वे सरकार के इंतजामों की सराहना कर रहे हैं। प्रयागराज महाकुंभ में भारी भीड़ के बीच व्यवस्था को लेकर विपक्षी दलों द्वारा उठाए गए सवालों और आरोपों के बाद बीजेपी की तरफ से भी जवाब दिया गया है। अब यह देखना होगा कि आगामी दिनों में प्रशासन कितनी प्रभावी तरीके से इन व्यवस्थाओं को संभाल पाता है और क्या जनता को कोई राहत मिलती है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें