Dainik Savera Times

देश में फिर बढ़ने लगा कोरोना का खतरा, एक हफ्ते में 750 से ज्यादा मामले; दिल्ली में 104 एक्टिव केस

नई दिल्ली: भारत में कोरोना वायरस एक बार फिर चिंता का कारण बन रहा है। पिछले एक सप्ताह में देश में 752 नए कोरोना मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही कुल सक्रिय मामलों की संख्या 1,000 से ज्यादा हो गई है। दिल्ली में इस समय 104 एक्टिव केस हैं।

सबसे ज्यादा केस कहां मिले?
केरल में सबसे ज्यादा 335 नए केस आए, राज्य में अब कुल 430 सक्रिय केस हैं। वहीं, महाराष्ट्र में 153 नए मामले मिले, अब 209 एक्टिव केस हैं। दिल्ली 99 नए केस दर्ज हुए, यहां 104 सक्रिय मरीज हैं।

इसके अलावा कुछ अन्य राज्यों की स्थिति
-गुजरात: 83 मामले
-कर्नाटक: 47 मामले
-उत्तर प्रदेश: 15 मामले
-पश्चिम बंगाल: 12 मामले

नए वेरिएंट भी सामने आए
-देश में अब कोरोना के दो नए वेरिएंट – NB.1.8.1 और LF.7 के मामले भी सामने आए हैं।
-इन वेरिएंट की जानकारी इंडियन SARS-CoV-2 जीनोमिक्स कंसोर्टियम (INSACOG) ने दी है।

हालांकि, विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने इन दोनों वेरिएंट को सिर्फ “निगरानी में रखे गए वेरिएंट” की श्रेणी में रखा है। इसका मतलब है कि फिलहाल इनसे गंभीर खतरे की बात नहीं कही गई है, लेकिन इन पर नज़र रखना जरूरी है।

सरकार की प्रतिक्रिया क्या रही?
केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव ने शनिवार को कोरोना की स्थिति की समीक्षा की। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि ज्यादातर मामले केरल, तमिलनाडु, महाराष्ट्र और कर्नाटक से सामने आ रहे हैं। अधिकांश मरीजों की हालत हल्की है और वे घर पर इलाज ले रहे हैं।

क्या करना चाहिए?
-हालांकि मामले गंभीर नहीं हैं, लेकिन विशेषज्ञों का कहना है कि सावधानी ज़रूरी है।
-अगर लक्षण हों तो तुरंत जांच करवाएं।
-भीड़भाड़ वाली जगहों पर मास्क पहनें।
-बुजुर्ग और बीमार लोग विशेष सतर्कता बरतें।

बताते चलें कि, देश में कोरोना की रफ्तार फिर से थोड़ी तेज होती नजर आ रही है। हालात अभी नियंत्रण में हैं, लेकिन लापरवाही से संक्रमण दोबारा फैल सकता है। सतर्क रहना और समय पर जांच व इलाज ही सबसे अच्छा उपाय है।

Exit mobile version