
एंटरटेनमेंट डेस्क: भारतीय सिनेमा में कुछ ही ऐसे सितारे हैं, जिनकी चमक भाषा, इलाके और सरहदों की मोहताज नहीं होती। सुपरस्टार रजनीकांत, रिबेल स्टार प्रभास और रॉकिंग स्टार यश ऐसे ही चुनिंदा कलाकारों की फेहरिस्त में शामिल हैं, जिनकी लोकप्रियता हर बाजार में सिर चढ़कर बोलती है। अब ‘रामायण’ के साथ यश ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि वह भारतीय सिनेमा के सबसे बड़े पैन-इंडिया सुपरस्टार्स में से एक हैं। बॉक्स ऑफिस पर एक और धमाकेदार मुकाम हासिल कर उन्होंने अपनी स्टार पावर का लोहा मनवा दिया है।
‘रामायण’ ने पहले ही दिन दुनियाभर में अनुमानित ₹155 करोड़ की कमाई के साथ शानदार आगाज किया, जिसमें दक्षिण भारतीय राज्यों से ₹33 करोड़ का योगदान रहा। इसके साथ ही फिल्म ने भारतीय सिनेमा में दिवाली से पहले की सबसे बड़ी ओपनिंग का नया रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। लेकिन इस कामयाबी की सबसे खास बात सिर्फ ओपनिंग के आंकड़े नहीं, बल्कि यश का लगातार बॉक्स ऑफिस पर अपना दबदबा कायम रखना है। ‘केजीएफ: चैप्टर 2’ (₹164 करोड़ वर्ल्डवाइड), ‘टॉक्सिक’ (₹140.75 करोड़ वर्ल्डवाइड) और अब ‘रामायण’ के साथ यश ने लगातार तीन फिल्मों की ₹100 करोड़ से ज्यादा की वर्ल्डवाइड ओपनिंग देकर ऐसी हैट्रिक बनाई है, जिसने उनकी जबरदस्त थिएट्रिकल पावर पर मुहर लगा दी है।
खासतौर पर हिंदी बेल्ट में यश की बढ़ती पकड़ उनके सफर को और भी खास बनाती है। कन्नड़ सिनेमा से अपने करियर की शुरुआत करने वाले यश ने आज पूरे देश में अपनी ऐसी फैन फॉलोइंग तैयार कर ली है, जो भाषा की सीमाओं को पीछे छोड़ चुकी है। उनकी फिल्मों का क्रेज अब सिर्फ उनके घरेलू बाजार तक सीमित नहीं है, बल्कि देश के हर कोने में दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींच लाता है।

बॉक्स ऑफिस पर धमाका करने के साथ-साथ यश ने रावण के किरदार में भी अपनी दमदार छाप छोड़ी है। भारतीय पौराणिक कथाओं के सबसे जटिल और प्रभावशाली किरदारों में से एक रावण को उन्होंने अपने इंटेंस अंदाज, रौबदार शख्सियत और शानदार स्क्रीन प्रेजेंस से एक अलग ही रंग दिया है। उनका अभिनय फिल्म की सबसे ज्यादा चर्चा में रहने वाली बातों में शामिल हो गया है। इससे यह भी साफ होता है कि यश बतौर अभिनेता लगातार नए और चुनौतीपूर्ण किरदारों के साथ अपनी एक अलग पहचान बना रहे हैं।
यश के लिए यह मुकाम रातोंरात मिली कामयाबी का नतीजा नहीं है। ‘केजीएफ: चैप्टर 2’ ने उन्हें देशभर में एक नई पहचान दिलाई और कन्नड़ सिनेमा की सीमाओं से निकालकर उन्हें बॉक्स ऑफिस का बड़ा खिलाड़ी बना दिया। इसके बाद ‘टॉक्सिक’ और अब ‘रामायण’ के साथ उन्होंने अपनी इस कामयाबी को लगातार आगे बढ़ाया है। उन्होंने दिखा दिया है कि उनकी थिएट्रिकल पावर सिर्फ बरकरार ही नहीं है, बल्कि हर फिल्म के साथ और मजबूत होती जा रही है।
इस महाकाव्य से यश का जुड़ाव सिर्फ रावण का किरदार निभाने तक सीमित नहीं है। वह नमित मल्होत्रा के साथ ‘रामायण’ के प्रोड्यूसिंग पार्टनर भी हैं। यानी इस बार यश सिर्फ पर्दे पर ही नहीं, बल्कि पर्दे के पीछे भी अपनी क्रिएटिव सोच और बड़े विजन के साथ जुड़े हैं। बतौर एक्टर-प्रोड्यूसर उनका यह कदम उनके करियर का एक अहम पड़ाव है, जहां अभिनय के साथ-साथ निर्माण के क्षेत्र में भी उनकी महत्वाकांक्षाएं नई उड़ान भर रही हैं।
लगातार तीन फिल्मों की ₹100 करोड़ से ज्यादा की वर्ल्डवाइड ओपनिंग के साथ यश ने सिर्फ बॉक्स ऑफिस रिकॉर्ड नहीं बनाए, बल्कि अपनी स्टार पावर का एक बड़ा ऐलान भी कर दिया है। ‘केजीएफ: चैप्टर 2’ से लेकर ‘टॉक्सिक’ और अब ‘रामायण’ तक, रॉकिंग स्टार ने बार-बार साबित किया है कि वह देशभर के दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने का दम रखते हैं। अब यश सिर्फ कन्नड़ सिनेमा के सुपरस्टार नहीं, बल्कि पूरे देश के बॉक्स ऑफिस पर राज करने वाले ऐसे पैन-इंडिया सितारे बन चुके हैं, जिनका हिंदी बेल्ट में भी जबरदस्त दबदबा है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...