Last Updated: October 14, 2026

Dainik Savera Times Logo

गुजरात HC की वर्चुअल सुनवाई में दिखा शर्मनाक नजारा, टॉयलेट सीट पर बैठा शख्स जज के सामने हुआ पेश

June 27, 2025

गुजरात HC की वर्चुअल सुनवाई में दिखा शर्मनाक नजारा, टॉयलेट सीट पर बैठा शख्स जज के सामने हुआ पेश

नेशनल डेस्क: गुजरात हाईकोर्ट की वर्चुअल सुनवाई के दौरान 20 जून 2025 को एक अजीब और हैरान कर देने वाला नज़ारा सामने आया। एक शख्स, जिसका नाम स्क्रीन पर ‘समद बैटरी’ दिख रहा था, कोर्ट की ऑनलाइन सुनवाई में हिस्सा लेने के लिए अपने मोबाइल फोन से जुड़ा, लेकिन हैरानी की बात ये थी कि वह किसी ऑफिस, रूम या शांत जगह से नहीं बल्कि सीधे टॉयलेट सीट पर बैठा हुआ जुड़ा था। यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग इसे देखकर हैरान भी हैं और हंस भी रहे हैं।

क्या दिखा वीडियो में?
वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि ‘समद बैटरी’ नाम वाला यह शख्स अपने ब्लूटूथ ईयरफोन लगाए ध्यान से कोर्ट की बातें सुन रहा था। पहले तो सब ठीक लगा, लेकिन जैसे ही उसने फोन थोड़ा नीचे रखा, कैमरा ने पूरी सच्चाई दिखा दी। वह टॉयलेट सीट पर बैठकर सुनवाई में शामिल था। इतना ही नहीं, वीडियो में वह हल्का होने के बाद आगे की नित्य क्रिया करते हुए भी दिखा। फिर वह वॉशरूम से बाहर निकला और किसी कमरे में चला गया।

 

क्या था मामला?
असल में, यह शख्स एक आपराधिक मामले में शिकायतकर्ता था। उसने एक एफआईआर को रद्द करने की याचिका दायर की थी। सुनवाई के दौरान दोनों पक्षों में आपसी समझौता हो गया और अदालत ने एफआईआर रद्द कर दी। लेकिन अब सोशल मीडिया पर इस मामले की कानूनी बातों से ज्यादा उस शख्स की शर्मनाक हरकत वायरल हो रही है।

लोग क्या कह रहे हैं?
इस पूरी घटना का वीडियो ‘बेंच एंड बार’ नामक एक संस्था ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट किया है। लोग इस वीडियो को देखकर हैरानी जताते हुए मज़ाक भी बना रहे हैं। कई लोगों ने इसे “वॉशरूम कोर्ट” नाम दिया है और कहा कि कुछ लोग वर्चुअल सुनवाई की गंभीरता को बिल्कुल नहीं समझते।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें