Last Updated: September 20, 2026

Dainik Savera Times Logo

महंगा हुआ ‘गुरुगमन’ बसों में सफर करना, अब दूरी के हिसाब से देना पड़ेगा किराया

September 26, 2025

महंगा हुआ ‘गुरुगमन’ बसों में सफर करना, अब दूरी के हिसाब से देना पड़ेगा किराया

हरियाणा डेस्क. गुरुग्राम मेट्रोपॉलिटन सिटी बस लिमिटेड (जीएमसीबीएल) ने शहर में चलने वाली सभी बसों के किराए में बदलाव किया है। अधिकारियों का कहना है कि नया किराया 24 सितंबर से लागू कर दिया गया है। इस बदलाव का मकसद बस सेवाओं को और पारदर्शी, न्यायसंगत और किफायती बनाना है।

दूरी के हिसाब से देना होगा किराया

जीएमसीबीएल की ‘गुरुगमन’ बसों में अब यात्रियों को दूरी के हिसाब से किराया देना पड़ेगा। 6 किलोमीटर तक की यात्रा पर बस में सफर करने वाले यात्रियों से 10 रुपये, 6 से 13 किलोमीटर की दूरी पर 20 रुपये और 13 किलोमीटर से अधिक की यात्रा पर 30 रुपये एकमुश्त लिए जाएंगे।अधिकारियों का कहना है कि यह नया ढांचा सार्वजनिक परिवहन को दीर्घकालिक स्थिरता देने और यात्रियों के लिए सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से तैयार किया गया है।

गुरुगमन ऐप से मिलेगी जानकारी

गुरुग्राम में जीएमसीबीएल की कुल 150 आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल बसें चल रही हैं। ये बसें शहर के 23 प्रमुख मार्गों पर यात्रियों को जोड़ती हैं। इसमें आवासीय इलाकों के साथ-साथ व्यावसायिक क्षेत्रों भी शामिल किए गए है। यात्रियों को बसों के मार्ग और किराए की पूरी जानकारी ‘गुरुगमन ऐप’ के जरिए भी मिल जाएगी। ऐप से टिकट खरीदना भी आसान हो गया है. अधिकारियों ने बताया कि यह ऐप इस बात को सुनिश्चित करता है कि नागरिकों को बस सेवा के बारे में सभी जानकारी एक ही जगह पर मिले और उन्हें किसी तरह की दिक्कत न हो।

किराए में बदलाव से सुविधाओं में होगा सुधार

जीएमसीबीएल ने यह भी कहा कि नई किराया संरचना के साथ बस सेवाओं में सुधार किया जाएगा। बसों में सफर अब और आरामदायक, सुरक्षित और समय पर होगा। पर्यावरण के लिहाज से भी इन बसों का डिजाइन आधुनिक और हरित (eco-friendly) है।

किराए में बदलाव के बारे में शहर के लोगों का कहना है कि नया किराया थोड़ा महंगा जरूर लगा, लेकिन यात्रा की सुविधा और बसों की समय पर उपलब्धता इसे उचित बनाती है। कई लोग यह भी कह रहे हैं कि ऐप से टिकट खरीदने की सुविधा उनके लिए बड़ी मदद है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें