Site icon Dainik Savera Times

Tej Pratap का अनुष्का से संबंध 2013 से, ऐश्वर्या से जबरदस्ती हुई शादी… मामा सुभाष यादव ने लगाए गंभीर आरोप

बिहार डेस्क : राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के नेता और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। इस बार मामला सिर्फ निजी जीवन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इससे पार्टी और परिवार में भी भूचाल आ गया है। हालात इतने बिगड़ गए कि लालू यादव ने अपने बेटे को पार्टी से 6 साल के लिए निकाल दिया है। वहीं अब इस मामले पर तेज प्रताप यादव के मामा सुभाष यादव ने बड़े खुलासे किए है। आइए जानते है इस खबर को विस्तार से….

मामा सुभाष यादव ने किए बड़े खुलासे

आपको बता दें कि तेज प्रताप यादव के मामा और राबड़ी देवी के भाई सुभाष यादव ने इस पूरे मामले पर सनसनीखेज बयान देते हुए कहा है कि तेज प्रताप का अनुष्का यादव नाम की महिला से 2013-14 से संबंध था, लेकिन उनके परिवार ने जबरदस्ती उनकी शादी ऐश्वर्या राय (पूर्व सीएम दरोगा राय की पोती) से कराई थी। इसके साथ ही सुभाष यादव ने यह भी आरोप लगाया कि तेज प्रताप ने बाद में अनुष्का से शादी भी कर ली, जो अब तक छुपा हुआ था। उन्होंने दावा किया कि यह मामला अब सबके सामने आ चुका है, इसलिए परिवार इसे ड्रामा बनाकर पेश कर रहा है।

एक और लड़की से भी रिश्ता ? 

सुभाष यादव ने हम पार्टी के नेता जीतनराम मांझी के बयान का हवाला देते हुए दावा किया कि तेज प्रताप एक और लड़की के साथ मालदीव भी गए थे। उन्होंने सवाल किया – ये ‘सिन्हा’ कौन है? इस महिला के साथ भी तेज प्रताप का क्या रिश्ता है, इसका खुलासा होना चाहिए।

तेज प्रताप का फेसबुक पोस्ट वायरल 

दरअसल, हाल ही में तेज प्रताप यादव के फेसबुक अकाउंट से एक तस्वीर वायरल हुई थी, जिसमें वे एक महिला के साथ नजर आ रहे थे। साथ में यह भी लिखा गया था कि दोनों 12 साल से रिलेशन में हैं। हालांकि तेज प्रताप ने सफाई दी कि उनका अकाउंट हैक हो गया था, और जो तस्वीर वायरल हो रही है वह आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से बनाई गई फेक फोटो है। उन्होंने कहा कि उन्हें बदनाम करने के लिए यह सब किया जा रहा है।

लालू यादव ने पार्टी और परिवार से किया बाहर

तेज प्रताप यादव पर विवाद बढ़ता देख लालू यादव ने सार्वजनिक रूप से बयान जारी करते हुए अपने बेटे को पार्टी और परिवार से बाहर कर दिया। उन्होंने कहा कि “निजी जीवन में नैतिक मूल्यों की अवहेलना हमारे सामाजिक न्याय के संघर्ष को कमजोर करती है। तेज प्रताप की गतिविधियाँ और गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार हमारे पारिवारिक संस्कारों के अनुरूप नहीं हैं। इसलिए उन्हें पार्टी से 6 साल के लिए निष्कासित किया जाता है।” उन्होंने यह भी लिखा कि तेज प्रताप अब अपने जीवन के फैसले खुद लें, और जो लोग उनसे जुड़ना चाहें, वे अपने विवेक से निर्णय लें। लालू ने यह साफ कर दिया कि अब तेज प्रताप का RJD और यादव परिवार में कोई स्थान नहीं रहेगा।

निजी विवाद ने राजनीतिक तूफान खड़ा किया

तेज प्रताप यादव का यह विवाद केवल निजी रिश्तों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इससे राष्ट्रीय जनता दल की छवि और यादव परिवार की एकता दोनों को झटका लगा है। एक तरफ तेज प्रताप की निजी जिंदगी के कई पहलुओं पर सवाल खड़े हो रहे हैं, तो दूसरी तरफ पिता लालू यादव ने इस विवाद से खुद को और पार्टी को अलग करने के लिए कड़ा कदम उठाया है।

Exit mobile version