Last Updated: November 10, 2026

Dainik Savera Times Logo

Under-19 Asia Cup: आर्यवीर सहवाग ने जड़े 160 रन, UAE को 70 रन से हराकर सेमीफाइनल में भारत

November 10, 2026

Under-19 Asia Cup: आर्यवीर सहवाग ने जड़े 160 रन, UAE को 70 रन से हराकर सेमीफाइनल में भारत

अल अमीरात: भारत ने मंगलवार को अंडर-19 एशिया कप 2026 के 11वें मुकाबले में यूएई के खिलाफ 70 रन से जीत हासिल करते हुए सेमीफाइनल-2 में प्रवेश कर लिया है, जहां 12 नवंबर को उसका सामना अफगानिस्तान से होगा। वहीं, सेमीफाइनल-1 में पाकिस्तान और बांग्लादेश आमने सामने होंगे।

भारत ने टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी चुनी

अल अमीरात क्रिकेट ग्राउंड (मिनिस्ट्री टर्फ 2) में भारत ने टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी चुनी। कप्तान लक्ष्य रायचंदानी ने आर्यवीर के साथ पहले विकेट के लिए 83 गेंदों में 62 रन जुटाए। लक्ष्य 32 गेंदों में 2 चौकों के साथ 17 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद आर्यवीर ने वीके विनीत के साथ दूसरे विकेट के लिए 183 गेंदों में 193 रन जुटाकर टीम को 255 रन तक पहुंचा दिया।

टीम को आर्यवीर सहवाग के रूप में दूसरा झटका लगा। आर्यवीर 168 गेंदों में 7 छक्कों और 17 चौकों के साथ 160 रन बनाकर आउट हुए, जबकि वीके विनीत ने 69 गेंदों में 3 छक्कों और 3 चौकों के साथ 67 रन बनाए। इनके अलावा, यशबर्धन चौहान ने 17 रन और अन्वय द्रविड़ ने 12 रन का योगदान टीम के खाते में दिया।

यूएई की तरफ से नसीम खान ने 10 ओवरों में 48 रन देकर 4 विकेट हासिल किए, जबकि हिदायतुल्लाह खान, नूरुल्लाह अयोबी और कप्तान अयान मिस्बाह ने 1-1 विकेट हासिल किया। इसके जवाब में यूएई की टीम पारी की अंतिम गेंद पर 239 के स्कोर पर सिमट गई। कप्तान अयान मिस्बाह ने जैनुल्लाह रहमानी के साथ पहले विकेट के लिए 36 रन की साझेदारी की। रहमानी 16 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद ययिन राय ने मिस्बाह और अहमद खुदादाद के साथ 25-25 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 86 के स्कोर तक पहुंचा दिया।

यूएई ताश के पत्तों की तरह बिखर गई

इसके बाद अहमद खुदादाद ने मोर्चा संभाला। उन्होंने नूरुल्लाह अयोबी के साथ सातवें विकेट के लिए 52 गेंदों में 90 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 231 के स्कोर तक पहुंचाया, लेकिन इस साझेदारी के टूटने के बाद यूएई ताश के पत्तों की तरह बिखर गई। खुदादाद 74 गेंदों में 9 बाउंड्री के साथ 74 रन बनाकर आउट हुए, जबकि अयोबी ने 25 गेंदों में 39 रन की पारी खेली। भारत की तरफ से ईशान सूद ने 7 ओवरों में 37 रन देकर 4 विकेट झटके। उनके अलावा, मोहित उल्वा, मनल चौहान, काव्य पटेल, यशबर्धन चौहान, आर्यन सवसनी और अर्जुन राजपूत ने 1-1 विकेट हासिल किया।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें